राजस्थान से बड़ी खबर: कोटा-जोधपुर हादसों में दो परिवारों के 12 लोगों की मौत, 23 घायल

राजस्थान के कोटा और जोधपुर में हुए दो भीषण सड़क हादसों में दो परिवारों के 12 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 23 घायल हैं। मृतक महाराष्ट्र और गुजरात के निवासी थे, जो खाटू श्याम और रामदेवरा के दर्शन कर लौट रहे थे। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 22 November 2026, 8:00 AM IST

Jaipur: राजस्थान से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, प्रदेश में हुई दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। इन हादसों में कुल 12 लोगों की जान चली गई, जबकि 23 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पहली बड़ी घटना कोटा-उदयपुर हाईवे पर सामने आई, जहां एक परिवार के 9 लोगों की मौत हो गई और आधा दर्जन से अधिक लोग जख्मी हुए। वहीं, रविवार को जोधपुर में हुई कार-टेंपो भिड़ंत में एक ही परिवार के 3 लोगों ने दम तोड़ दिया और 15 से ज्यादा लोग घायल हो गए।

कोटा-उदयपुर हाईवे पर खड़े ट्रक से भिड़ी क्रूजर, 9 की मौत

कोटा-उदयपुर मार्ग पर शंभूपुरा के समीप तेज रफ्तार क्रूजर वाहन सड़क किनारे खड़े ट्रक के पिछले हिस्से में जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि क्रूजर के परखच्चे उड़ गए और यात्रियों को संभलने का अवसर तक नहीं मिल सका। इस भीषण टक्कर में 9 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए।

Agra: आराधना मिश्रा मोना का भाजपा पर हमला, बोलीं- अयोध्या और काशी जैसी गलती मथुरा में मत करना

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसे का शिकार हुए सभी लोग महाराष्ट्र के निवासी थे और खाटू श्याम जी के दर्शन कर अपने घर लौट रहे थे। परिवार के सदस्य चार अलग-अलग वाहनों में सवार होकर साथ चल रहे थे, जिनमें से एक क्रूजर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे के बाद अन्य गाड़ियों में बैठे परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार सुनाई दी। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों सहित एसपी मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों के सहयोग से घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल भिजवाया। मृतकों के शव मोर्चरी में रखवाए गए हैं और पुलिस दुर्घटना के कारणों की पड़ताल कर रही है।

जोधपुर में कार-टेंपो टक्कर, गुजरात के परिवार के 3 सदस्यों ने तोड़ा दम

दूसरी घटना रविवार को जोधपुर में हुई, जहां कार और टेंपो की आमने-सामने भिड़ंत में तीन लोगों की मौत हो गई तथा 15 से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों को चार एंबुलेंस के माध्यम से मथुरादास माथुर अस्पताल पहुंचाया गया। शुरुआती तौर पर बताया गया है कि पीड़ित लोग गुजरात के एक ही परिवार के सदस्य हैं, जो रामदेवरा के दर्शन कर वापस गुजरात लौट रहे थे।

फायरिंग के बाद धू-धू कर जलती मिली कार, कनाडा में गगनप्रीत व सुखजीत की हत्या के पीछे क्या है राज?

अस्पताल के अधीक्षक के मुताबिक, शाम करीब सात बजे हादसे की जानकारी मिली थी, जिसके बाद उपचार की व्यवस्था की गई। चार एंबुलेंस से लगभग 14 से 15 घायलों को अस्पताल लाया गया, जिनमें तीन महिलाएं और चार बच्चे शामिल हैं। कई घायलों को फ्रैक्चर व रीढ़ की हड्डी में चोटें आई हैं, जबकि एक व्यक्ति को अस्पताल पहुंचने से पहले ही मृत घोषित कर दिया गया। घायल यात्री अनिल ने बताया कि वे गुजरात के बनासकांठा से हैं। करीब 15 से 20 परिजन शनिवार को रवाना हुए थे और रविवार सुबह रामदेवरा दर्शन के बाद घर लौट रहे थे।

Location :  Jaipur

Published :  22 November 2026, 8:00 AM IST