शुभेंदु अधिकारी के पीए की हत्या के बाद VIP शादी में शामिल हुआ राज सिंह, नेताओं संग वायरल हुई तस्वीर

पश्चिम बंगाल के चर्चित पीए मर्डर केस में एक ऐसा नाम सामने आया है, जिसकी तस्वीरें बड़े नेताओं के साथ वायरल हो रही हैं। लखनऊ की एक हाई-प्रोफाइल शादी में शामिल होने के बाद आरोपी को अयोध्या से गिरफ्तार किया गया। आखिर कैसे एक छोटी डिजिटल गलती ने पूरा राज खोल दिया?

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 12 May 2026, 8:32 AM IST

Lucknow: पश्चिम बंगाल में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी (Suvendu Adhikari) के पीए चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में एक ऐसा मोड़ आया है, जिसने उत्तर प्रदेश से लेकर बंगाल तक राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है। बलिया निवासी राज सिंह को कोलकाता STF और अयोध्या पुलिस की संयुक्त टीम ने अयोध्या के एक ढाबे से गिरफ्तार कर लिया।

बताया जा रहा है कि गिरफ्तारी से ठीक पहले वह रामलला के दर्शन करने पहुंचा था और 7 मई को लखनऊ में आयोजित बीजेपी MLC रविशंकर सिंह उर्फ पप्पू सिंह की बेटी की शादी में भी शामिल हुआ था।

नेताओं के साथ वायरल हुई तस्वीरें

गिरफ्तारी के बाद सोशल मीडिया पर राज सिंह की कई तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही हैं। इन तस्वीरों में वह बीजेपी नेताओं और मंत्रियों के साथ नजर आ रहा है। वायरल फोटो में परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह और MLC प्रिंसू सिंह के साथ उसकी मौजूदगी चर्चा का विषय बन गई है। राजनीतिक गलियारों में अब यह सवाल उठने लगा है कि आखिर राज सिंह की पहुंच कितनी गहरी थी।

आखिर कौन है बलिया का राज सिंह ? जो CM शुभेंदु अधिकारी के PA की हत्या में हुआ गिरफ्तार

अयोध्या के ढाबे से ऐसे दबोचा गया

सूत्रों के मुताबिक, हत्या के बाद आरोपी लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था। इसी बीच कोलकाता STF को उसके अयोध्या में होने की सूचना मिली। बताया जाता है कि वह अपनी मां के साथ ढाबे पर खाना खाने पहुंचा था, तभी STF और स्थानीय पुलिस ने उसे घेर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे फ्लाइट से कोलकाता ले जाया गया, जबकि उसकी मां समेत चार लोगों से देर रात तक पूछताछ होती रही।

बलिया में तीन मकान

राज सिंह मूल रूप से बलिया के गड़वार थाना क्षेत्र के कुरेजी गांव का निवासी है। शहर के चादमारी आनंद नगर और विजयीपुर इलाके में भी उसके मकान बताए जा रहे हैं। वह अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा से जुड़ा रहा है और स्थानीय राजनीति में भी सक्रिय था। वह चिलकहर ब्लॉक प्रमुख और नगर पालिका चुनाव में सभासद पद का प्रत्याशी भी रह चुका है।

मां बोलीं- मेरा बेटा बेगुनाह है

राज सिंह की मां, जो रसड़ा डाकघर में असिस्टेंट पोस्ट मास्टर हैं, उन्होंने बेटे को निर्दोष बताया है। उनका कहना है कि “मेरा बेटा कभी कोलकाता गया ही नहीं। हत्या वाले दिन वह घर पर था। हमारे घर में CCTV कैमरे लगे हैं, सब जांच होनी चाहिए।” उन्होंने आरोप लगाया कि उनके बेटे को झूठे मामले में फंसाया गया है।

शुभेंदु अधिकारी के PA हत्याकांड का यूपी में होगा खुलासा, यहां से पकड़े गए 3 शार्प शूटर! जानें कैसे पुलिस यहां तक पहुंची?

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, 6 मई की रात पश्चिम बंगाल में शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की मध्यमग्राम इलाके में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में राज सिंह के अलावा मयंक मिश्रा और विक्की मौर्य को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस को शक है कि हत्या सुनियोजित साजिश के तहत अंजाम दी गई।

Location :  Lucknow

Published :  12 May 2026, 8:32 AM IST