
ईडी के डायरेक्टर राहुल नवीन का बढ़ा कार्यकाल
New Delhi: केंद्र सरकार ने रविवार को ईडी ( प्रवर्तन निदेशालय ) के मौजूदा डायरेक्टर राहुल नवीन का कार्यकाल एक साल के लिए बढ़ा दिया है। वह साल 2024 में ईडी के डायरेक्टर के रूप में सेवा दे रहे हैं। वह अगले साल 13 अगस्त 2027 तक ईडी के डायरेक्टर के रूप में पद पर बने रहेंगे। बता दें कि राहुल नवीन राजस्व सेवा के अधिकारी हैं। यानी यह उनके कार्यकाल का तीसरा साल होगा।
केंद्रीय कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन मंत्रालय की ओर से इस संबंध में आदेश जारी कर दिया गया है। आदेश के मुताबिक, कैबिनेट की अपाइंटमेंट कमेटी ने 1993 के भारतीय राजस्व सेवा (IRS) अधिकारी राहुल नवीन के कार्यकाल को अगले एक साल के लिए बढ़ाने के फैसले को मंजूरी दे दी है।
बता दें कि राहुल नवीन मूल रूप से बिहार के बेतिया जिले के रहने वाले हैं। उन्होंने आईआईटी कानपुर से बी.टेक और एम.टेक की डिग्री हासिल की है। इसके अलावा उन्होंने मेलबर्न की स्विनबर्न यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी से एमबीए भी किया है।
राहुल नवीन 1993 बैच के आईआरएस अधिकारी हैं और उन्हें इंटरनेशनल टैक्सेशन का एक्सपर्ट माना जाता है। उन्होंने आयकर विभाग में 30 वर्षों से अधिक समय तक काम किया है।अगस्त 2024 में उन्हें पूर्णकालिक रूप से प्रवर्तन निदेशालय का निदेशक नियुक्त किया गया था। राहुल नवीन जांच के मामले में काफी तेज तर्रार अधिकारी माने जाते हैं।
गौरतलब है कि प्रवर्तन निदेशालय के निदेशक के रूप में राहुल नवीन कई हाई-प्रोफाइल जांचों में शामिल रहे हैं। इनमें दिल्ली के तत्कालीन मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उनकी पार्टी के अन्य राजनेताओं, जिनमें मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी भी शामिल हैं। फिलहाल इन सभी की फाइल राहुल नवीन ही देख रहे हैं। केजरीवाल और मनीष सिसोदिया का मामला अदालत में हैं।
एक साल एक्टिंग डायरेक्टर के रूप में भी संभाल चुके हैं ईडी का कार्यभार
राहुल नवीन ने 15 सितंबर, 2023 को ईडी के एक्टिंग डायरेक्टर यानी प्रभारी डायरेक्टर के रूप में कार्यभार संभाला था जिसके बाद केंद्र सरकार ने उन्हें 14 अगस्त, 2024 को प्रवर्तन निदेशालय का फुल टाइम डायरेक्टर के तौर पर नियुक्त कर दिया वहीं, एजेंसी में कार्यवाहक प्रमुख का पदभार संभालने से पहले राहुल नवीन सतर्कता और प्रशासन विभाग के प्रभारी भी रह चुके हैं।
Location : New Delhi
Published : 9 August 2026, 11:49 PM IST