पंजाब में पूर्व DIG भुल्लर के खिलाफ ED का बड़ा एक्शन, 11 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी

पंजाब के पूर्व DIG हरचरण सिंह भुल्लर के 11 ठिकानों पर ED ने छापेमारी की है। रिश्वतखोरी और मनी लॉन्ड्रिंग केस में यह कार्रवाई की गई। पहले छापे में 7 करोड़ से ज्यादा कैश, जेवर और संपत्ति के दस्तावेज मिले थे। जांच अभी जारी है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 27 April 2026, 10:49 AM IST

Chandigarh: पंजाब के पूर्व डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर एक बार फिर जांच एजेंसियों के घेरे में हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने सोमवार सुबह उनके और उनके करीबियों से जुड़े 11 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की। यह कार्रवाई चंडीगढ़, लुधियाना, पटियाला, नाभा और जालंधर में की जा रही है। ये सभी ठिकाने भुल्लर, उनके सहयोगियों और संदिग्ध बेनामीदारों से जुड़े बताए जा रहे हैं।

सूत्रों के अनुसार ED की यह कार्रवाई पहले दर्ज किए गए भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी के मामलों से जुड़ी हुई है, जिनकी जांच CBI और ACB कर रही है।

रिश्वतखोरी मामले से शुरू हुई जांच की कड़ी

हरचरण सिंह भुल्लर को पिछले वर्ष एक रिश्वत मामले में गिरफ्तार किया गया था। आरोप था कि उन्होंने एक बिचौलिए के माध्यम से किसी आपराधिक मामले को निपटाने के लिए अवैध रूप से 8 लाख रुपये की मांग की थी। इस मामले के सामने आने के बाद जांच एजेंसियों ने उनके खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी थी।

ED Raid: PMLA केस में ED का शिकंजा, पुलिस अधिकारी और बिजनेसमैन के घर रेड; जानें पूरा मामला

गिरफ्तारी के बाद उनके आवास पर हुई तलाशी ने जांच को और गंभीर बना दिया, जब भारी मात्रा में नकदी और संपत्ति का खुलासा हुआ।

7 करोड़ से अधिक नकदी और करोड़ों के जेवर बरामद

पिछले वर्ष चंडीगढ़ स्थित उनके आवास पर सीबीआई ने छापेमारी की थी, जिसमें चौंकाने वाले खुलासे हुए थे। तलाशी के दौरान 7.36 करोड़ रुपये से अधिक नकदी बरामद की गई थी। इसके अलावा 2.32 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के आभूषण, 26 ब्रांडेड घड़ियां और परिवार के सदस्यों के नाम पर दर्ज कई अचल संपत्तियों के दस्तावेज भी मिले थे।

इन बरामदगी ने भ्रष्टाचार और अवैध संपत्ति के गंभीर संकेत दिए थे, जिसके बाद मामला मनी लॉन्ड्रिंग की दिशा में भी आगे बढ़ा।

ED की जांच का उद्देश्य क्या है

आज चल रही ED की छापेमारी का मुख्य उद्देश्य अपराध से अर्जित संपत्तियों की पहचान करना, बेनामी संपत्तियों का पता लगाना और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े सबूत इकट्ठा करना बताया जा रहा है। जांच एजेंसी यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि अवैध कमाई को किन-किन माध्यमों से छिपाया गया और किन लोगों की इसमें भूमिका रही।

11 ठिकानों पर एक साथ दबिश

जानकारी के मुताबिक, चंडीगढ़ में 2, लुधियाना में 5, पटियाला में 2, जबकि नाभा और जालंधर में एक-एक स्थान पर तलाशी ली जा रही है। इन सभी जगहों को पहले से चिन्हित कर निगरानी में रखा गया था। कार्रवाई के दौरान कई दस्तावेज, डिजिटल रिकॉर्ड और वित्तीय लेन-देन से जुड़े सबूत खंगाले जा रहे हैं।

ED Raid: अनिल अंबानी से जुड़े 50 ठिकानों पर ईडी की जबरदस्त कार्रवाई, जानिए क्या है यस बैंक ऋण घोटाला मामला?

नियुक्ति और निलंबन का पूरा घटनाक्रम

हरचरण सिंह भुल्लर को नवंबर 2024 में रोपड़ रेंज का DIG नियुक्त किया गया था, जिसमें मोहाली, रूपनगर और फतेहगढ़ साहिब जिले शामिल थे। लेकिन रिश्वत मामले में गिरफ्तारी के बाद राज्य सरकार ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया था।

जांच आगे और भी हो सकती है तेज

ED की इस कार्रवाई के बाद माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं। एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि क्या यह केवल व्यक्तिगत भ्रष्टाचार का मामला है या इसमें संगठित नेटवर्क भी शामिल है।

फिलहाल पूरे मामले में जांच जारी है और अधिकारियों ने किसी भी तरह की आधिकारिक टिप्पणी करने से इनकार किया है।

Location :  Chandigarh

Published :  27 April 2026, 10:49 AM IST