
78 रणबांकुरे वीरता पुरस्कार से सम्मानित
New Delhi: 80वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सशस्त्र बलों और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPFs) के जवानों के लिए 78 वीरता पुरस्कारों को मंजूरी दी है। इनमें 13 मरणोपरांत पुरस्कार शामिल हैं।इस सम्मान सूची में नौ कीर्ति चक्र, एक बार टू शौर्य चक्र, 19 शौर्य चक्र, पांच बार टू सेना मेडल, 36 सेना मेडल, तीन नौसेना पदक और पांच वायु सेना पदक शामिल हैं।
इन पुरस्कारों में भारतीय थल सेना के साथ ही नौसेना, वायु सेना और गृह मंत्रालय के तहत काम करने वाले सुरक्षाबलों के जवानों को असाधारण साहस और वीरता के लिए दिए जाने वाले कुछ सर्वोच्च सम्मान भी शामिल हैं, जो शांतिकाल और आतंकवाद के खिलाफ अभियानों के लिए दिए जाते हैं।कीर्ति चक्र
कीर्ति चक्र शांतिकाल में दिया जाने वाला दूसरा सर्वोच्च वीरता पुरस्कार है। इस बार यह सम्मान सेना के लेफ्टिनेंट कर्नल मानेओ फ्रांसिस, मेजर जितेंद्र राठी और हवलदार गजेंद्र सिंह के साथ ही गृह मंत्रालय के तहत आने वाले बलों से हेड कांस्टेबल जगबीर सिंह, कांस्टेबल जसवंत सिंह, कांस्टेबल बलविंदर सिंह, कांस्टेबल तारिक हुसैन, हेड कांस्टेबल बशीर अहमद और एसटीएफ के इंस्पेक्टर सुनील कुमार को दिया जाएगा। गजेंद्र सिंह को यह सम्मान मरणोपरांत दिया जा रहा है।
असम राइफल्स के मेजर आदित्य प्रताप सिंह को शौर्य चक्र बार से सम्मानित किया जाएगा। मेजर आदित्य प्रताप सिंह को पहले भी शौर्य चक्र से सम्मानित किया जा चुका है, यही वजह है कि इस बार उनको बार से सम्मानित किया जाएगा। दरअसल, किसी व्यक्ति को अगर पहले ही वीरता पुरस्कार मिल चुका है और वही पुरस्कार उसे दोबारा दिया जाता है, तो ऐसे में फिर से मेडल देने की जगह रिबन पर एक बार जोड़ दिया जाता है।
इस बार 19 जवानों को शौर्य चक्र देने का ऐलान हुआ है. इनमें मेजर परमवीर, मेजर तरुण वासुदेवन, नायब सूबेदार शंकर राम, हवलदार जगतार सिंह, लांस नायक नरेंद्र सिंधु के नाम शामिल हैं। लांस नायक नरेंद्र सिंधु को यह सम्मान मरणोपरांत दिया जा रहा है।
नौसेना के लेफ्टिनेंट कमांडर शिवम कुमार और वायुसेना के स्क्वॉड्रन लीडर सुधीर कुमार को भी शौर्य चक्र प्रदान किया जा रहा है। डीएसपी धीरज सिंह कटोच और इंस्पेक्टर अजय सिंह चिब समेत गृह मंत्रालय के छह कर्मचारियों को भी शौर्य चक्र विजेताओं की सूची में जगह मिली है।
मेजर डीएस पाओशो और मेजर कृष्णकांत समेत पांच अधिकारियों को सेना मेडल के बार से सम्मानित किया जाना है वहीं, 36 सेना पदक को भी राष्ट्रपति ने मंजूरी दी है. इनमें कर्नल पुष्कर विजय चौधरी, मेजर मोहित पोडिया, कैप्टन करण सिंह चीमा, कैप्टन अंशुमान सिंह, सूबेदार पवन कुमार के नाम भी सेना मेडल पाने वालों की लिस्ट में हैं।
सूबेदार प्रभात गौर, लांस हवलदार पलाश घोष और सिपाही हरमिंदर सिंह समेत पांच को मरणोपरांत सेना मेडल दिए गए हैं। नौसेना से कमांडर विनीत शर्मा, कमांडर युवराज कुमार, अविनाश अन्नासो के साथ ही वायुसेना से ग्रुप कैप्टन राहुल जगोटा, ग्रुप कैप्टन राहुल रावत, विंग कमांडर आशीष राजपूत, फ्लाइट लेफ्टिनेंट यश और पैराशूट जंप इंस्ट्रक्टर एमडब्ल्यूओ रविंदरजीत सिंह को भी सेना मेडल प्रदान किया जाना है। राष्ट्रपति ने विशिष्ट सेवा के लिए 89 मेंशन इन डिस्पैचेज को भी मंजूरी दी है। इनमें सेना के 75, नौसेना के चार और वायुसेना के 10 कर्मचारी शामिल हैं।
हर साल स्वतंत्रता दिवस के मौके पर देश उन सैनिकों और सुरक्षाकर्मियों के साहस को नमन करता है, जिन्होंने राष्ट्र की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया. इस बार 78 वीरता पुरस्कारों की मंजूरी भी इसी परंपरा का हिस्सा है। इन पुरस्कारों में सेना, नौसेना, वायु सेना के साथ केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के जवानों की बहादुरी को भी सम्मान मिला है। मरणोपरांत दिए जा रहे पुरस्कार उन परिवारों के लिए भी एक बड़ा सम्मान हैं, जिन्होंने देश की सुरक्षा में अपने प्रियजनों को खोया है।
Location : New Delhi
Published : 14 August 2026, 10:43 PM IST
Topics : gallantry awards heroes of india Independence Day President droupadi murmur veeratapuraskar