
शादी समारोह में दिखी सियासी एकजुटता! (IMG: Dynamite News)
New Delhi: नई दिल्ली की मंगलवार रात एक भव्य शादी ने उस वक्त राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा बटोर ली, जब एक ही छत के नीचे देश की राजनीति के कई बड़े चेहरे नजर आए। मौका था पूर्व केंद्रीय मंत्री और झांसी से लोकसभा सांसद रह चुके प्रदीप जैन आदित्य के बेटे गौरव जैन और ऐश्वर्या के विवाह समारोह का। पांच सितारा होटल में आयोजित इस भव्य समारोह में कांग्रेस से लेकर समाजवादी पार्टी और दूसरे राजनीतिक दलों के कई दिग्गज नेता पहुंचे।
समारोह में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी समेत बड़ी संख्या में सांसद और वरिष्ठ नेता शामिल हुए। राजनीतिक चेहरों के अलावा अफसरशाही, उद्योग जगत, न्यायपालिका और मीडिया से जुड़े कई नामचीन लोग भी समारोह में नजर आए।
गौरव जैन और ऐश्वर्या के विवाह समारोह में राजनीतिक जगत की मौजूदगी सबसे ज्यादा चर्चा में रही। राहुल गांधी, अखिलेश यादव और प्रियंका गांधी के एक ही समारोह में पहुंचने से आयोजन की राजनीतिक अहमियत भी बढ़ गई। इसके अलावा धर्मेंद्र यादव, जगदंबिका पाल, प्रमोद तिवारी और किशोरी लाल शर्मा समेत कई सांसद और अलग-अलग राजनीतिक दलों से जुड़े नेता भी समारोह में पहुंचे। मेहमानों ने नवदंपती से मुलाकात की और उन्हें नए वैवाहिक जीवन की शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दीं।
नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पहुंचे (IMG: Dynamite News)
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक समारोह में 100 से अधिक सांसदों और राजनेताओं की मौजूदगी रही। देश के अलग-अलग हिस्सों और राजनीतिक दलों से जुड़े जनप्रतिनिधियों ने समारोह में पहुंचकर गौरव और ऐश्वर्या को शुभकामनाएं दीं। इतनी बड़ी संख्या में सांसदों और नेताओं के पहुंचने से समारोह राजधानी के चर्चित सामाजिक आयोजनों में शामिल हो गया। शादी समारोह के दौरान मेहमानों के बीच मुलाकात और बातचीत का दौर भी चलता रहा।
राहुल गांधी का बदला अंदाज देख चौंके लोग, कभी सफेद तो कभी नीली-पिंक T-Shirt… क्या है नया प्लान?
अक्सर संसद और राजनीतिक मंचों पर एक-दूसरे के खिलाफ तीखे बयान देने वाले नेता जब शादी समारोह में मिले तो माहौल बिल्कुल अलग दिखाई दिया। यहां राजनीतिक बहस और आरोप-प्रत्यारोप की जगह नवदंपती को शुभकामनाएं देने और परिवार के साथ खुशियां साझा करने का माहौल रहा।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव पहुंचे (IMG: Dynamite News)
समारोह सिर्फ राजनीतिक हस्तियों तक सीमित नहीं रहा। देश के उद्योग जगत के कई प्रमुख लोग, वरिष्ठ पत्रकार, प्रशासनिक अधिकारी और न्यायपालिका से जुड़े गणमान्य व्यक्ति भी आयोजन में शामिल हुए। आईएएस और आईपीएस अधिकारियों समेत सार्वजनिक जीवन से जुड़े कई लोगों की मौजूदगी ने समारोह को और भव्य बना दिया। राजधानी के पांच सितारा होटल में आयोजित इस कार्यक्रम में अलग-अलग क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियों का एक साथ जुटना चर्चा का विषय रहा।
विवाह की रस्मों के बाद गौरव और ऐश्वर्या ने समारोह में पहुंचे मेहमानों से मुलाकात की। नवविवाहित जोड़े ने सभी का आशीर्वाद लिया और परिवार की ओर से समारोह में शामिल होने वाले अतिथियों का स्वागत किया गया। मेहमानों ने भी नवदंपती को वैवाहिक जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं।
कांग्रेस सासंद प्रियंका गांधी पहुंची (IMG: Dynamite News)
प्रदीप जैन आदित्य का भारतीय राजनीति और सामाजिक क्षेत्र में लंबा अनुभव रहा है। वह केंद्र सरकार में ग्रामीण विकास राज्यमंत्री रह चुके हैं और झांसी से लोकसभा सांसद के तौर पर भी प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। यही वजह रही कि उनके बेटे के विवाह समारोह में राजनीति के साथ-साथ सार्वजनिक जीवन के अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़े लोगों की बड़ी संख्या में मौजूदगी देखने को मिली।
गौरव और ऐश्वर्या की शादी पारिवारिक खुशी का मौका तो थी ही, लेकिन इसमें जिस तरह राजनीति, प्रशासन, उद्योग और मीडिया से जुड़े लोगों का जमावड़ा हुआ, उसने इसे राजधानी के चर्चित सामाजिक आयोजनों में शामिल कर दिया। एक तरफ परिवार और रिश्तेदार शादी की खुशियों में शामिल रहे, वहीं दूसरी तरफ देश के सार्वजनिक जीवन से जुड़े कई बड़े चेहरों ने पहुंचकर समारोह की रौनक बढ़ा दी।
Location : New Delhi
Published : 12 August 2026, 7:05 PM IST