
लोकसभा में हंगामा
नई दिल्ली: संसद के बजट सत्र के तीसरे दिन बुधवार को लोकसभा में स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ विपक्ष द्वारा लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा जारी है। इस मुद्दे पर आज केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सदन में सरकार का पक्ष रखेंगे।
मंगलवार को इस प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस देखने को मिली। विपक्षी दलों ने स्पीकर ओम बिरला पर सरकार के पक्ष में काम करने और निष्पक्षता बनाए न रखने जैसे गंभीर आरोप लगाए।
वहीं सरकार की ओर से इन आरोपों को पूरी तरह खारिज किया गया। सत्ता पक्ष के नेताओं ने कहा कि स्पीकर ओम बिरला ने सदन की कार्यवाही को नियमों के अनुसार चलाया है और उन्होंने कभी भी पक्षपातपूर्ण व्यवहार नहीं किया।
इसी बीच लोकसभा में चर्चा के दौरान सत्ता पक्ष के कई सांसदों द्वारा बार-बार उनका नाम लिए जाने पर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी नाराज़ हो गए। राहुल गांधी ने कहा कि देश के संसदीय इतिहास में यह पहली बार हो रहा है जब नेता प्रतिपक्ष को अपनी बात रखने का अवसर नहीं दिया जा रहा है, जबकि चर्चा के दौरान बार-बार उनका नाम लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह संसद की परंपराओं के खिलाफ है।
आज गृह मंत्री अमित शाह के बयान के बाद इस मुद्दे पर सरकार और विपक्ष के बीच बहस और तेज होने की संभावना है। संसद के भीतर चल रही यह टकराव की स्थिति बजट सत्र के दौरान राजनीतिक माहौल को और गर्मा सकती है।
Location : New Delhi
Published : 11 March 2026, 12:50 PM IST