गोवा से दिल्ली आ रही Indigo Flight की इमरजेंसी लैंडिंग, इंजन में खराबी होने से हड़कंप

गोवा के मनोहर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6E 2102 के इंजन में खराबी के बाद फुल इमरजेंसी घोषित की गई।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 1 September 2026, 12:40 PM IST

Panaji: मंगलवार सुबह गोवा से दिल्ली जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 2102 में तकनीकी खराबी के कारण इमरजेंसी घोषित की गई। एक इंजन में समस्या का पता चलने के बाद, पायलटों ने तुरंत फ्लाइट को वापस गोवा मोड़ने का फैसला किया।

ATC ने फुल इमरजेंसी की घोषित

इंडिगो की फ्लाइट 6E 2102 सुबह 9:16 बजे गोवा के मनोहर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना हुई। उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद इंजन में खराबी की सूचना मिली। हालात को देखते हुए एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) ने सुबह 9:30 बजे फुल इमरजेंसी घोषित कर दी। इसके बाद, विमान को सुरक्षित रूप से वापस गोवा लाया गया।

यह भी पढ़ें - IndiGo Flight Cancelled: फ्लाइट रद्द होने पर भड़की महिला यात्री, जमकर हंगामा

विमान रनवे पर सुरक्षित उतरा

फ्लाइट 6E 2102 सुबह 9:51 बजे मनोहर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के रनवे 28 पर सुरक्षित उतरी। लैंडिंग के बाद विमान को स्टैंड नंबर 6 पर खड़ा किया गया। स्थिति सामान्य होने पर, ATC ने सुबह 10:03 बजे इमरजेंसी हटा ली।

सभी यात्री सुरक्षित उतरे

लैंडिंग के तुरंत बाद, सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और एयरपोर्ट के बोर्डिंग एरिया में ले जाया गया। किसी भी यात्री के घायल होने की कोई खबर नहीं है। फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा के अनुसार, विमान लगभग 14,000 फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था, तभी तकनीकी खराबी के बाद यह दक्षिणी महाराष्ट्र के तटीय इलाके से वापस गोवा की ओर मुड़ गया।

दिल्ली जाने वाली फ्लाइट का समय बदला गया

इंडिगो ने दिल्ली जाने वाली फ्लाइट का समय बदलकर दोपहर 3:30 बजे कर दिया है। हालांकि, यह विमान की तकनीकी जांच और जरूरी मंजूरी मिलने पर निर्भर करेगा।

यह भी पढ़ें - Air India फ्लाइट हादसा: एक मिनट में 676 फीट नीचे गिरा विमान, रिपोर्ट में हुए चौंकानें वाले खुलासे

इंडिगो ने बयान जारी किया

इंडिगो ने बताया कि उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद तकनीकी समस्या का पता चला। स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) का पालन करते हुए, पायलटों ने विमान को वापस मोड़ा और मनोहर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा। एयरलाइन के अनुसार, विमान की मेंटेनेंस जांच की जा रही है और सभी जरूरी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद ही इसे दोबारा सेवा में लाया जाएगा। इंजन में खराबी के सटीक कारण की जांच की जा रही है।

Location :  Panaji

Published :  1 September 2026, 12:40 PM IST