
Symbolic Photo
Punjab: पंजाब से हैरान करने वाला फर्जीवाड़े का एक ऐसा मामला सामने आया। जिसने पुलिस से लेकर आम लोगों तक को चौंका दिया है। राजपुरा के रहने वाले भिंदर सिंह ने अपनी पत्नी और बेटे के साथ इंग्लैंड जाने के लिए वीजा के लिए आवेदन किया था। लेकिन वीजा रिजेक्ट होने के बाद जब असलियत सामने आई तो सभी के होश उड़ गए।
भिंदर सिंह की पत्नी पहले से ही इंग्लैंड में रहती है। उसने पति और बेटे के लिए स्पॉन्सरशिप भेजी थी। इसके बाद भिंदर सिंह ने एक इमीग्रेशन एजेंसी के जरिए वीजा आवेदन की प्रक्रिया शुरू की। इस एजेंसी को चलाने वाले दंपति प्रशांत और रूबी ने उससे करीब 5.90 लाख रुपये भी वसूल लिए। कुछ दिनों बाद जब वीजा रिजेक्ट हुआ तो भिंदर सिंह को बताया गया कि तकनीकी कारणों से वीजा नहीं बन सका।
लेकिन असली झटका तब लगा, जब इंग्लैंड में उनकी पत्नी को स्थानीय अधिकारियों ने गिरफ्तार कर लिया। जांच में पाया गया कि महिला के नाम और ID का इस्तेमाल करके 15 अलग-अलग युवकों को उसका “पति” बनाकर इंग्लैंड भेजा गया था।
इस फर्जीवाड़े में महिला पूरी तरह से बेगुनाह थी। उसका किसी भी युवक से कोई संबंध नहीं था और ना ही उसे इस पूरे घोटाले की जानकारी थी। असल में इमीग्रेशन कंपनी चला रहे प्रशांत और रूबी ने भिंदर सिंह और उसकी पत्नी के दस्तावेजों का गलत इस्तेमाल किया। जिसके आधार पर करीब 15 युवकों को फर्जी दस्तावेजों के आधार पर इंग्लैंड भेज दिया।
इस सनसनीखेज खुलासे के बाद भिंदर सिंह ने राजपुरा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए प्रशांत और रूबी के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और साइबर क्राइम जैसी कई धाराओं में केस दर्ज किया है।
राजपुरा पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह मामला गंभीर फर्जीवाड़े का है जिसमें ना सिर्फ दस्तावेजों का दुरुपयोग हुआ बल्कि एक निर्दोष महिला को विदेश में कानूनी कार्रवाई का सामना भी करना पड़ा। उन्होंने यह भी बताया कि इस केस की जांच के लिए एक विशेष टीम गठित की गई है, जो इंटरनेशनल एंगल से भी पड़ताल कर रही है।
भिंदर सिंह का कहना है कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि उनके निजी दस्तावेजों का इस तरह से गलत उपयोग किया जाएगा। उन्हें ना केवल आर्थिक नुकसान हुआ, बल्कि मानसिक तौर पर भी उन्हें और उनके परिवार को काफी परेशानी झेलनी पड़ी है।
Location : Punjab
Published : 6 September 2025, 12:38 PM IST
Topics : Fake Husbands Punjab News Rajpura Scam visa scam