हिंदी
New Delhi: भारतीय जनता पार्टी को आज यानी मंगलवार को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिलने वाला है। बिहार के वरिष्ठ नेता और पांच बार के विधायक बन चुके नितिन नबीन को निर्विरोध पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया। वह इस पद के लिए एकमात्र उम्मीदवार थे, जिनके नामांकन का समर्थन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने किया।
नितिन नबीन आज दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में औपचारिक रूप से राष्ट्रीय अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभालेंगे। पदभार ग्रहण करने से पहले वह मंदिर और गुरुद्वारे में मत्था टेककर आशीर्वाद लेने गए।
नितिन नबीन के पदग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद हैं। इसके अलावा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव भी भाजपा मुख्यालय पहुंचे। पार्टी सूत्रों के अनुसार, यह कार्यक्रम संगठनात्मक दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि आने वाले समय में भाजपा कई बड़े चुनावी मुकाबलों की तैयारी कर रही है।
नितिन नबीन का जन्म 23 मई 1980 को रांची में हुआ। वह एक राजनीतिक परिवार से आते हैं। उनके पिता नबीन किशोर प्रसाद सिन्हा भाजपा के वरिष्ठ नेता थे और पटना वेस्ट विधानसभा सीट से चार बार विधायक रह चुके हैं। शिक्षा की बात करें तो नितिन नबीन ने 1996 में पटना के एक CBSE स्कूल से दसवीं की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद वह आगे की पढ़ाई के लिए दिल्ली चले गए और 1998 में 12वीं की परीक्षा उत्तीर्ण की।
नितिन नबीन की पत्नी का नाम दीपमाला श्रीवास्तव है। उनके परिवार में दो बच्चे हैं एक बेटा और एक बेटी। राजनीतिक व्यस्तताओं के बावजूद वह पारिवारिक मूल्यों से जुड़े रहने के लिए जाने जाते हैं।
नितिन नबीन बिहार विधानसभा के लिए पांच बार निर्वाचित हो चुके हैं। उन्होंने साल 2006 में पटना वेस्ट विधानसभा सीट से उपचुनाव जीतकर पहली बार विधानसभा में कदम रखा। परिसीमन के बाद वह बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ते रहे। उन्होंने 2010, 2015, 2020 और 2025 के विधानसभा चुनावों में लगातार जीत दर्ज कर अपनी मजबूत राजनीतिक पकड़ साबित की। उनकी पहचान एक जमीनी नेता और कुशल संगठनकर्ता के रूप में रही है।
नितिन नबीन (Img- Internet)
नितिन नबीन ने 15 दिसंबर 2025 को भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष का पद संभाला था। इससे पहले उन्होंने युवा मोर्चा, राज्य सरकार में मंत्री पद और राष्ट्रीय संगठन में कई अहम जिम्मेदारियाँ निभाईं। उनके राजनीतिक सफर में अनुशासन, परिश्रम और जनविश्वास प्रमुख आधार रहे हैं, जिसकी वजह से पार्टी नेतृत्व ने उन्हें शीर्ष जिम्मेदारी सौंपी।
BJP नेता राजीव प्रताप रूडी ने नितिन नबीन के चयन को पार्टी के लिए गर्व का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि यह फैसला बिहार ही नहीं, बल्कि पूरे देश में युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाने की भाजपा की सोच को दर्शाता है। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि नितिन नबीन के नेतृत्व में संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और आने वाले आम चुनावों में भाजपा रणनीतिक और संगठनात्मक रूप से और मजबूत होगी।
दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी की कमान संभालने के साथ ही नितिन नबीन के सामने संगठन को एकजुट रखने, जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और चुनावी तैयारियों को धार देने की बड़ी चुनौती होगी। भाजपा को उनसे युवा नेतृत्व और अनुभव के संतुलन के साथ नई ऊंचाइयों तक ले जाने की उम्मीद है।
Location : New Delhi
Published : 20 January 2026, 11:50 AM IST