
NEET मुद्दे पर जंतर-मंतर से संसद तक संग्राम (Img- Dynamite News)
New Delhi: देश में नीट पेपर लीक का मुद्दा लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का आंदोलन मंगलवार को भी पुरजोर तरीके से जारी रहा। प्रदर्शन में सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल बनी हुई है, जबकि बड़ी संख्या में लोग सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। CJP प्रवक्ता आशुतोष रांका ने जेपी नड्डा के साथ हुई बैठक को समय की बर्बादी बताते हुए कहा कि जब तक शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते, तब तक यह आंदोलन खत्म नहीं होगा।
दूसरी ओर, संसद के मानसून सत्र के पहले दिन भी इस मुद्दे को लेकर जमकर हंगामा देखने को मिला। विपक्षी सांसदों ने सदन से सड़क तक सरकार को घेरा और हंगामे के चलते कार्यवाही को बार-बार स्थगित करना पड़ा। आसन द्वारा चर्चा की अपील के बावजूद विपक्षी सदस्य वेल तक पहुंच गए। आज 21 जुलाई को सत्र के दूसरे दिन भी इस मुद्दे पर तीखी बहस और हंगामे के पूरे आसार बने हुए हैं।
इस पूरे घटनाक्रम और मानसून सत्र की हर पल की ताजा खबरों के लिए बने रहिए डाइनामाइट न्यूज़ के साथ।
पीएम आवास के पास चल रहे विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कई कांग्रेस सांसदों को हिरासत में लिया। मौके पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही और प्रदर्शन के बीच तनावपूर्ण माहौल बना रहा।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, प्रियंका गांधी, केसी वेणुगोपाल, पवन खेड़ा समेत कई कांग्रेस नेताओं ने लोक कल्याण मार्ग पर विरोध प्रदर्शन किया। नेताओं ने प्रधानमंत्री और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई तथा परीक्षा से जुड़े मुद्दों पर सरकार को घेरा।
एडिशनल डीसीपी आनंद कुमार मिश्रा ने बताया कि CJP प्रदर्शन के दौरान हुई झड़प में लगभग 115 से 120 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। उन्होंने कहा कि कई वरिष्ठ अधिकारी भी घायल हुए, उनके हाथ में भी चोट आई। मामले में एफआईआर दर्ज की जा रही है और जांच के आधार पर आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा मंगलवार के विरोध प्रदर्शन में घायल हुए लोगों से मिलने लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज पहुंचे। उन्होंने घायलों का हालचाल जाना, डॉक्टरों से इलाज की जानकारी ली और बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने पर चर्चा की।
राज्यसभा की कार्यवाही स्थगित होने के बाद विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने आरोप लगाया कि विपक्ष को अपनी बात रखने का अवसर नहीं दिया जा रहा। उन्होंने कहा कि सदन को सुचारु रूप से चलने नहीं दिया जा रहा है, जिससे संसदीय कार्य प्रभावित हो रहा है।
विपक्ष के लगातार हंगामे के कारण लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही बुधवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। दूसरे दिन भी संसद में गतिरोध बना रहा और दोनों सदनों का कामकाज बाधित हुआ।
दिल्ली में अरविंद केजरीवाल ने बच्चों और अभिभावकों को भरोसा दिलाया कि वे अकेले नहीं हैं। उन्होंने हर संभव मदद का आश्वासन देते हुए हेल्पलाइन नंबर जारी करने की घोषणा की।@ArvindKejriwal @AamAadmiParty #Delhi #Education pic.twitter.com/VoOZTnHzBW
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) July 21, 2026
भाजपा सांसद रवि किशन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने NEET पेपर लीक के दोषियों को सख्त सजा दिलाने पर जोर दिया है। उन्होंने कहा कि बेहतरीन कानूनी सलाह लेकर यह सुनिश्चित किया जाएगा कि बच्चों का भविष्य बर्बाद करने वालों को बख्शा न जाए।
दिल्ली में NEET पेपर लीक मामले पर BJP सांसद रवि किशन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि देश के सर्वोत्तम कानूनी विशेषज्ञों की मदद लेकर यह सुनिश्चित किया जाए कि पेपर लीक के जरिए छात्रों का भविष्य बर्बाद करने वाले सभी दोषियों को कड़ी से कड़ी सज़ा मिले।… pic.twitter.com/9HYC1ytjLH
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) July 21, 2026
विपक्ष के लगातार हंगामे के चलते राज्यसभा के बाद अब लोकसभा की कार्यवाही भी दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दी गई।
लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर बाद फिर शुरू हुई, लेकिन शुरुआत होते ही विपक्ष ने जोरदार हंगामा किया। मानसून सत्र के दूसरे दिन भी सदन में गतिरोध बना रहा। राज्यसभा की कार्यवाही दूसरी बार स्थगित करनी पड़ी, जबकि लोकसभा की कार्यवाही अभी जारी है।
छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार की कड़ी आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं के साथ अभूतपूर्व बर्बरता हुई है और कहा कि ऐसी कार्रवाई पहले कभी नहीं देखी गई। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा राजनीतिक हमला भी बोला।
CJP फाउंडर अभिजीत दिपके ने दिल्ली पुलिस से पूछा कि अब तक कितने लोगों को हिरासत में लिया गया है। उन्होंने मांग की कि हिरासत में रखे गए सभी छात्रों को तत्काल रिहा किया जाए। साथ ही पुलिस से कार्रवाई को लेकर जवाब देने की भी अपील की।
संसद के मानसून सत्र के दूसरे दिन भी नीट पेपर लीक मुद्दे पर जोरदार हंगामा हुआ। भारी नारेबाजी के चलते लोकसभा और राज्यसभा दोनों सदनों की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि पेपर लीक का मुद्दा नया नहीं है, लेकिन दोषियों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती। उन्होंने आरोप लगाया कि युवा लगातार संघर्ष कर रहे हैं और उनकी आवाज़ सुनी जानी चाहिए। प्रियंका ने सरकार से जवाबदेही तय करने, शिक्षा मंत्री से इस्तीफा लेने और परीक्षा व्यवस्था को पारदर्शी व मजबूत बनाने की मांग की।
संसदीय दल की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि पेपर लीक घोर पाप है और सरकार ने NEET मामले में तुरंत कार्रवाई की। उन्होंने कहा कि जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराया गया, आवश्यक कदम उठाए गए और जहां जरूरत पड़ी, वहां दोबारा परीक्षा भी कराई गई।
जंतर-मंतर पर अभिजीत दिपके नजर नहीं आए, लेकिन तेज बारिश के बावजूद प्रदर्शनकारी डटे रहे। आंदोलन से जुड़े घटनाक्रम लगातार बदलते रहे और पूरे दिन हलचल बनी रही।
जंतर मंतर से दीपके नदारद, फिर भी तेज बारिश में डटे आंदोलनकारी; देखिए कल से अबतक क्या क्या हुआ? #JantarMantar #cjpprotest #dharmendraPradhan #resignation @CJP_for_India @Wangchuk66 pic.twitter.com/0CW05D4Zgs
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) July 21, 2026
जंतर-मंतर पर पुलिस कार्रवाई के बाद भी प्रदर्शनकारी डटे रहे। उनका कहना है कि वे अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन जारी रखेंगे और पीछे नहीं हटेंगे।
जंतर-मंतर पर पुलिस के लाठीचार्ज के बाद भी नहीं डिगा हौसला, लाठियां खाकर भी डटे है प्रदर्शनकारी#JantarMantar #cjpprotest #dharmendraPradhan #resignation @CJP_for_India @Wangchuk66 pic.twitter.com/efnaRO1sq9
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) July 21, 2026
संसद के मानसून सत्र के दूसरे दिन भी जंतर मंतर के प्रदर्शन के बीच चप्पे-चप्पे पर पुलिस की तैनाती
संसद के मानसून सत्र के दूसरे दिन भी जंतर मंतर के प्रदर्शन के बीच चप्पे-चप्पे पर पुलिस की तैनाती#JantarMantar #cjpprotest #dharmendraPradhan #resignation @CJP_for_India @Wangchuk66 pic.twitter.com/kLFknuUxEa
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) July 21, 2026
दिल्ली की ओर प्रस्तावित मार्च से पहले बड़ी संख्या में किसान पंजाब-हरियाणा के शंभू बॉर्डर पर जुटे। पटियाला से सामने आए वीडियो में किसानों की भारी मौजूदगी दिखाई दे रही है। आगे की रणनीति को लेकर मौके पर तैयारियां जारी हैं।
अभिजीत दिपके ने समर्थकों, विशेषकर घायल छात्राओं से माफी मांगते हुए कहा कि उन्हें बेहतर सुरक्षा नहीं दे सके। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार एक मंत्री को बचाने के लिए छात्रों के खिलाफ सख्त कार्रवाई को तैयार थी। दिपके ने प्रदर्शन में घायल लोगों से संपर्क करने की अपील की और कहा कि वह उनसे व्यक्तिगत रूप से बात कर माफी मांगना चाहते हैं तथा आंदोलन जारी रखेंगे।
संसद परिसर के जीएमसी बालयोगी ऑडिटोरियम में एनडीए संसदीय दल की ‘मंगल मिलन’ बैठक शुरू हुई। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह, राजनाथ सिंह, निर्मला सीतारमण, धर्मेंद्र प्रधान, किरेन रिजिजू समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। कार्यक्रम में राज्यसभा के नवनिर्वाचित सदस्यों का स्वागत किया जाएगा और प्रधानमंत्री मोदी के लगातार सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर उन्हें बधाई प्रस्ताव भी पारित किया जाएगा।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने संसद मार्च के दौरान हुई घटनाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन हर नागरिक का मौलिक अधिकार है। उन्होंने एक्स पर लिखा कि संविधान सर्वोपरि है और सत्ता स्थायी नहीं होती। राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि लोकतंत्र में जवाबदेही तय होकर रहेगी और नागरिकों की आवाज़ का सम्मान होना चाहिए।
कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी और विजय वसंत ने संसद परिसर के बाहर सुरक्षा व्यवस्था और कथित इंटरनेट बंदी को लेकर राज्यसभा में नियम 267 के तहत कार्यस्थगन प्रस्ताव का नोटिस दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि कई प्रवेश-निकास द्वार बंद होने और भारी सुरक्षा व्यवस्था के कारण सांसद नागरिकों से नहीं मिल सके। कांग्रेस ने इस मुद्दे पर तत्काल चर्चा और सरकार से विस्तृत स्पष्टीकरण की मांग की।
संसद के मानसून सत्र के बीच एनडीए संसदीय दल की बैठक ‘मंगल मिलन’ के नाम से शुरू हो गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी बैठक में शामिल हुए। पहले दिन लोकसभा और राज्यसभा में विपक्ष के हंगामे के कारण कार्यवाही कई बार स्थगित करनी पड़ी थी। अब सरकार आगे की रणनीति तय करने और संसद के सुचारु संचालन पर मंथन कर रही है।
Location : New Delhi
Published : 21 July 2026, 10:11 AM IST