रिकॉर्ड तोड़ गर्मी: पंजाब-हरियाणा में पारा 47 डिग्री के करीब, पहाड़ों पर भी ग्लोबल वार्मिंग की मार

देशभर में भीषण गर्मी का कहर जारी है। एनसीआर में तापमान 46 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है, जबकि एमपी के खजुराहो में पारा 47.4 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने कई राज्यों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी कर लोगों को सावधान रहने की सलाह दी है।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 22 May 2026, 8:17 AM IST

New Delhi: राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) इन दिनों भीषण गर्मी और जानलेवा लू की चपेट में है। हालात ऐसे हो गए हैं कि दोपहर के समय लोगों का घरों से बाहर निकलना दूभर हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले छह दिनों तक NCR के निवासियों को इस तपती गर्मी से कोई राहत मिलने के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग ने लगातार ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने और बिना जरूरी काम के बाहर न निकलने की सलाह दी है।

स्थानीय मौसम केंद्र के अनुसार, 26 मई तक क्षेत्र का तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच बने रहने का अनुमान है। आज अधिकतम तापमान 46 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। इसके साथ ही दोपहर और शाम के वक्त तेज धूल भरी आंधी चलने की भी आशंका जताई गई है।

ओडिशा में उमस और गर्म रातों का डबल अटैक

ओडिशा में भी गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। भुवनेश्वर मौसम केंद्र के मुताबिक, अगले पांच दिनों तक राजधानी भुवनेश्वर समेत कई हिस्सों में भीषण हीटवेव के साथ-साथ गर्म रातें और अत्यधिक उमस परेशान करेगी। झारसुगुड़ा, संबलपुर, सुंदरगढ़, नयागढ़ और बोलांगीर जैसे जिलों में लू का प्रकोप सबसे ज्यादा दिखने की संभावना है। वहीं, तटीय ओडिशा के इलाकों में उमस भरी गर्मी को लेकर विशेष चेतावनी जारी की गई है, जिससे आम जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है।

Weather Update: उत्तर प्रदेश में गर्मी का तांडव, अगले तीन दिन लू का अलर्ट

पंजाब और हरियाणा में टूटे गर्मी के सारे रिकॉर्ड

उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में शामिल पंजाब और हरियाणा में भी पारा रिकॉर्ड तोड़ रहा है। चंडीगढ़ मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटों तक क्षेत्र में गंभीर हीटवेव की स्थिति बनी रहेगी। हरियाणा के रोहतक में जहां तापमान 46.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं पंजाब के फरीदकोट में पारा 47 डिग्री सेल्सियस के बेहद खतरनाक स्तर तक पहुंच गया। हरियाणा के दक्षिण-पश्चिमी और पंजाब के उत्तर-पूर्वी हिस्सों में हालात सबसे ज्यादा गंभीर बने हुए हैं, जिसे देखते हुए प्रशासन ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

उत्तर प्रदेश और राजस्थान में रेड व येलो अलर्ट की चेतावनी

उत्तर प्रदेश में गर्मी ने रौद्र रूप धारण कर लिया है। मौसम विभाग ने राज्य के 11 जिलों में भीषण गर्मी और लू को देखते हुए 'रेड अलर्ट' घोषित किया है। लखनऊ के मुख्य मौसम वैज्ञानिक के मुताबिक, कई जिलों में तापमान खतरनाक स्तर को पार कर चुका है। उधर राजस्थान में भी स्थिति गंभीर है, जहां श्रीगंगानगर 46.5 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ सबसे गर्म इलाका रहा। मौसम विभाग ने राजस्थान के आधे से अधिक हिस्सों में अगले तीन से चार दिनों के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया है। दोपहर के समय राज्य की सड़कें पूरी तरह सुनसान नजर आ रही हैं।

UP Weather Update: 23 जिलों में लू का रेड अलर्ट, इन जिलों में भीषण गर्मी की चेतावनी

मध्य प्रदेश के 37 जिलों में लू का तांडव, पहाड़ों पर भी तपिश

मध्य प्रदेश इस समय देश के सबसे गर्म राज्यों में से एक बना हुआ है। राज्य के खजुराहो में सबसे अधिक 47.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है। मौसम विभाग ने भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर और सागर समेत कुल 37 जिलों में भीषण लू का अलर्ट जारी किया है। इस बीच, मैदानी इलाकों की यह तपिश अब पहाड़ों तक भी पहुंच रही है। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में भी स्थानीय निवासी और सैलानी बढ़ती गर्मी से परेशान हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि पेड़ों की अंधाधुंध कटाई और विकास के नाम पर हो रही प्रकृति से छेड़छाड़ (ग्लोबल वार्मिंग) के कारण अब पहाड़ों का मौसम भी तेजी से बदल रहा है।

Location :  New Delhi

Published :  22 May 2026, 8:17 AM IST