लाल किला विस्फोट: कार खरीद से मुजम्मिल का क्या कनेक्शन? कोर्ट में बचाव पक्ष ने दी दलील

दिल्ली लाल किला ब्लास्ट मामले में राउज एवेन्यू कोर्ट में शनिवार को आरोप तय करने को लेकर सुनवाई हुई। मुजम्मिल शकील और शाहीन सईद के बचाव में वकील ने कार खरीद, गिरफ्तारी और CCTV फुटेज को लेकर कई सवाल उठाए।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 14 November 2026, 6:27 PM IST

New Delhi: लाल किला ब्लास्ट मामले में अब अदालत में आरोपों को लेकर घमासान शुरू हो गया है। जांच एजेंसी एनआईए आरोपियों के खिलाफ साजिश के पुख्ता सबूत होने का दावा कर रही है। वहीं बचाव पक्ष ने सवाल उठाया है कि आखिर विस्फोट में इस्तेमाल कार की खरीद से मुजम्मिल शकील और शाहीन सईद का क्या कनेक्शन है? शनिवार को राउज एवेन्यू कोर्ट में हुई सुनवाई के दौरान दोनों आरोपियों की ओर से दलीलें पेश की गईं। मामले की गंभीरता को देखते हुए सुनवाई बंद कमरे में हुई। अब कोर्ट 17 नवंबर को एक अन्य आरोपी शोएब की दलीलें सुनेगा।

कोर्ट में आमने-सामने आए एनआईए और बचाव पक्ष

दिल्ली लाल किला विस्फोट मामले में शनिवार को राउज एवेन्यू कोर्ट में आरोप तय करने को लेकर बहस हुई। विशेष न्यायाधीश (एनआईए) प्रशांत शर्मा की अदालत में आरोपी मुजम्मिल शकील और शाहीन सईद की तरफ से वकीलों ने अपना पक्ष रखा। वहीं, एनआईए ने दलील दी कि सभी आरोपियों के खिलाफ आरोप तय करने के लिए पर्याप्त सबूत मौजूद हैं। एजेंसी का दावा है कि आरोपियों के बीच साजिश रची गई थी और जांच में इसके कई अहम सबूत मिले हैं।

बचाव पक्ष ने कार खरीद को लेकर उठाए सवाल

सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष के वकील एमएस खान ने दलील दी कि मुजम्मिल शकील और शाहीन सईद का विस्फोट में इस्तेमाल की गई कार की खरीद से कोई लेना-देना नहीं था। दोनों का दूसरे आरोपियों के साथ किसी तरह का संवाद भी सामने नहीं आया है।

दिल्ली में जहरीली हवा का कहर जारी, AQI में गिरावट के बावजूद सांस लेना अब भी मुश्किल

वकील ने अदालत को बताया कि मुजम्मिल शकील को 29 अक्टूबर को ही जम्मू-कश्मीर पुलिस ने एक बड़े साजिश मामले में गिरफ्तार कर लिया था। वहीं, शाहीन सईद को 9 नवंबर को लखनऊ से गिरफ्तार किया गया था। यानी शाहीन की गिरफ्तारी भी लाल किला विस्फोट से ठीक एक दिन पहले हो चुकी थी।

उमर ने 30 अक्टूबर को खरीदी थी कार

बचाव पक्ष के मुताबिक, विस्फोट में इस्तेमाल की गई कार उमर उन नबी ने 30 अक्टूबर को फरीदाबाद, हरियाणा के एक कार डीलर से खरीदी थी। यह कार आमिर राशिद के नाम पर थी। वकील ने दलील दी कि मुजम्मिल शकील 29 अक्टूबर से ही पुलिस की गिरफ्त में था। ऐसे में उसका कार की खरीद में मदद करने या उसके लिए पैसे देने का सवाल ही नहीं उठता।

बचाव पक्ष ने यह भी बताया कि फरीदाबाद के अल फलाह विश्वविद्यालय में अपने साथियों की गिरफ्तारी की जानकारी मिलने के बाद उमर उन नबी घबरा गया था।

CCTV फुटेज में भी नहीं दिखा मुजम्मिल

अदालत में बचाव पक्ष ने सीसीटीवी फुटेज का हवाला देते हुए कहा कि मुजम्मिल शकील किसी भी फुटेज में नजर नहीं आया। फुटेज में उमर उन नबी, आमिर राशिद और तीसरे आरोपी जसीर बिलाल वानी दिखाई दिए थे।

एमएस खान ने सवाल उठाया कि जब मुजम्मिल का न तो कार की खरीद से कोई संबंध है और न ही दूसरे आरोपियों के साथ बातचीत का सबूत सामने आया है, तो उसे इस विस्फोट की साजिश से कैसे जोड़ा जा सकता है? बचाव पक्ष ने यह भी सवाल किया कि क्या उमर उन नबी और आमिर राशिद को मुजम्मिल की 29 अक्टूबर को हुई गिरफ्तारी की जानकारी थी।

एनआईए ने 11 आरोपियों के खिलाफ दाखिल की चार्जशीट

गौरतलब है कि 10 नवंबर 2025 को लाल किला के पास एक कार में जोरदार विस्फोट हुआ था। इस घटना में कई लोगों की जान चली गई थी, जबकि बड़ी संख्या में लोग घायल हुए थे। मामले की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) को सौंपी गई थी।

Location :  New Delhi

Published :  14 November 2026, 6:27 PM IST