
मानसून का रौद्र रूप (Img- Envato)
New Delhi: देशभर में इस समय मानसून का सबसे उग्र रूप देखने को मिल रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले 4 से 5 दिनों तक उत्तर-पश्चिम और उत्तर-पूर्व भारत में मानसून के पूरी तरह सक्रिय रहने की चेतावनी दी है। देश के 13 राज्यों पर भारी बारिश का बड़ा खतरा मंडरा रहा है।
आसमान से बरसती इस आफत के साथ 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाएं और बिजली गिरने की आशंका ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और मैदानी क्षेत्रों में जलभराव को देखते हुए प्रशासन भी मुस्तैद हो गया है।
मौसम विभाग ने उत्तर से लेकर पूर्वोत्तर भारत के 13 राज्यों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में उठती ऊंची लहरों और खराब मौसम को देखते हुए मछुआरों को समुद्र में न जाने की सख्त हिदायत दी गई है।
मौसम संबंधी चेतावनी
मुख्य बिंदु
(i) अगले 4–5 दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम एवं पूर्वोत्तर भारत में सक्रिय मानसूनी परिस्थितियाँ बने रहने की संभावना है।
(ii) 20 जुलाई को उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार तथा असम एवं मेघालय में तथा 20 एवं 21 जुलाई को जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में… pic.twitter.com/oAEK2I9HQH
— India Meteorological Department (@Indiametdept) July 20, 2026
उत्तर प्रदेश और बिहार के लिए आने वाले दिन काफी संवेदनशील हैं। यूपी के पूर्वी हिस्सों में मूसलाधार बारिश को देखते हुए 'रेड अलर्ट' जारी किया गया है। लखनऊ, कानपुर, गोरखपुर से लेकर पश्चिमी यूपी के नोएडा, गाजियाबाद और मेरठ तक भारी बारिश की संभावना है।
वहीं बिहार के पटना, मुजफ्फरपुर और गया समेत लगभग सभी जिलों में 26 जुलाई तक बदरा जमकर बरसेंगे। दिल्ली-NCR में भी 50 किमी/घंटे की हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश और जलभराव के आसार हैं। राजस्थान के जयपुर, उदयपुर और जोधपुर समेत कई जिलों में आंधी-तूफान का दौर जारी रहेगा।
पहाड़ी राज्यों में स्थिति अधिक गंभीर बनी हुई है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 26 जुलाई तक मूसलाधार बारिश का अनुमान है, जिससे भूस्खलन (लैंडस्लाइड) का खतरा बढ़ गया है। जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर, जम्मू, अनंतनाग और डोडा जैसे इलाकों में अत्यधिक भारी बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है।
Location : New Delhi
Published : 21 July 2026, 8:19 AM IST