
इलाहबाद हाई कोर्ट (File Photo)
Prayagraj: इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और रायबरेली से कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के खिलाफ दोहरी नागरिकता मामले में सोमवार को बड़ा अपडेट सामने आया है। इस मामले में एफआईआर दर्ज करने और सीबीआई से केस की जांच कराने के आदेश के बाद मामले में पहले ही नया मोड़ आ गया था। अब इस केस की सुनवाई करने वाले जस्टिस सुभाष विद्यार्थी ने खुद को इस केस से अलग कर लिया है।
सुनवाई के लिए नए बेंच को नॉमिनेट करने के लिए फ़ाइल को मुख्य न्यायमूर्ति के समक्ष भेजने का निर्देश दिया है। न्यायालय ने याची एस. विग्नेश शिशिर द्वारा सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणियों का संज्ञान लेते हुए, स्वयं को सुनवाई से अलग किया है।
कर्नाटक बीजेपी नेता याची एस. विग्नेश शिशिर की याचिका पर न्यायालय ने बीते शुक्रवार को राहुल गांधी के विरुद्ध कथित दोहरी नागरिकता के मामले में एफआईआर दर्ज कर विवेचना का आदेश ओपन कोर्ट में डिक्टेट किया था। याची ने राहुल गांधी पर भारतीय न्याय संहिता, आधिकारिक गोपनीयता अधिनियम, विदेशी अधिनियम तथा पासपोर्ट अधिनियम के तहत विभिन्न गंभीर आरोप लगाए हैं और मामले की विस्तृत जांच की मांग की है। याची के प्रार्थना पत्र को निचली अदालत खारिज कर चुकी है।
Location : Prayagaraj
Published : 20 April 2026, 4:21 PM IST