ग्वालियर हादसे के बाद CM मोहन यादव का बड़ा एक्शन! CSP हटाए गए, 8 पुलिसकर्मी सस्पेंड

ग्वालियर के शीतला माता मंदिर के पास सड़क हादसे के बाद CM मोहन यादव के निर्देश पर CSP हटाए गए और तीन थाना प्रभारियों समेत 8 पुलिसकर्मी निलंबित हुए। जानिए मुआवजे का पूरा विवरण।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 18 October 2026, 2:05 PM IST
google-preferred

Gwalior: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के पास हुए भीषण सड़क हादसे के बाद पुलिस विभाग में बड़ी कार्रवाई की गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर झांसी रोड के सीएसपी रवि भदौरिया को हटा दिया गया है, जबकि तीन थाना प्रभारियों समेत आठ पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निलंबित किया गया है। हादसे में श्रद्धालुओं की मौत के बाद पुलिस की भूमिका और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सरकार ने जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए हैं।

CSP हटाए गए, तीन थाना प्रभारियों समेत 8 पुलिसकर्मी निलंबित

हादसे के बाद हुई कार्रवाई में झांसी रोड थाना प्रभारी शक्ति सिंह यादव, आंतरी थाना प्रभारी गीतेश शर्मा और झांसी रोड के ट्रैफिक थाना प्रभारी अभिषेक रघुवंशी शामिल हैं। इनके अलावा निरीक्षक यातायात राघवेंद्र जादौन, प्रधान आरक्षक सुशील द्विवेदी और आरक्षक किशन खन्ना, अनिल जैतपुरिया व पवन सेंगर को भी निलंबित किया गया है।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि ड्यूटी में लापरवाही पाए जाने पर किसी को बख्शा नहीं जाएगा। सरकार की ओर से की गई इस कार्रवाई को हादसे के बाद पुलिस विभाग की जवाबदेही तय करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

‘श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि’, CM मोहन यादव ने दिए सख्त निर्देश

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदारी तय कर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

इससे पहले मुख्यमंत्री ने हादसे में प्रभावित लोगों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की थी। राज्य सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायल लोगों को 2-2 लाख रुपये और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता देने के निर्देश दिए गए हैं।

दो मंत्रियों को ग्वालियर पहुंचने के निर्देश

घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री ने मंत्री एदल सिंह कंषाना और मंत्री राकेश शुक्ला को ग्वालियर पहुंचकर प्रभावित परिवारों से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लेने के निर्देश दिए हैं। हादसे से प्रभावित परिवार ग्वालियर के अलावा शिवपुरी और श्योपुर के भी बताए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। श्रद्धालुओं की मौत के बाद पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों पर हुई कार्रवाई से स्पष्ट है कि सरकार ने मामले में विभागीय जवाबदेही तय करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

Location :  Gwalior

Published :  18 October 2026, 2:05 PM IST

Advertisement