कोलकाता में दुर्गा पूजा के दौरान कैसे मची भगदड़, चश्मदीदों ने बताया घटना का आंखों देखा मंजर

कोलकाता के दुर्गा पूजा पंडाल में शनिवार शाम बड़ा हादसा हो गया। पंडाल में भारी भीड़ के बीच भगदड़ मच गई। इस घटना में कई लोगों को जान चली गई और कई लोग घायल है। चश्मदीदों के रोंगटे खड़े कर देने वाले बयानों ने इस पूरे आयोजन की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 18 October 2026, 12:47 AM IST

Kolkata: कोलकाता के चोरबागान पूजा पंडाल में शनिवार को भगदड़ मच गई जिसमें करीब 17 लोगों की जान चली गई और कई लोग हताहत है। घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

चश्मदीदों ने सुनाई आपबीती

दुर्गा पूजा समारोह में मौजूद चश्मदीदों ने इस हादसे का आंखों देखा हाल बयां किया है। दुर्गा पूजा के दौरान पंडाल में अचानक भीड़ का दबाव बढ़ गया। बारिश से बचने के लिए बाहर मौजूद लोग पंडाल के अंदर पहुंचने लगे। पहले से ही वहां काफी भीड़ थी। ऐसे में लोगों की आवाजाही मुश्किल हो गई। इसी बीच पंडाल का एक हिस्सा ढह गया और देखते ही देखते वहां अफरा-तफरी मच गई।

चश्मदीद ने खोली व्यवस्थाओं की पोल

घटनास्थल पर मौजूद एक  चश्मदीद ने व्यवस्थाओं की पोल खोलते हुए कहा कि प्रवेश द्वार बहुत संकरा था और निकास द्वार भी बेहद संकरा था। सबसे बड़ी बात यह है कि उस जगह पर रोशनी का कोई इंतजाम नहीं था। इस लापरवाही ने स्थिति को और बिगाड़ दिया। मेरी अपनी बेटी और पोती इस हादसे के बाद अस्पताल में भर्ती हैं।

उन्होंने कहा कि कई लोग बेहोश हो गए थे। कुछ लोगों को मोटरसाइकिलों पर लादकर ले जाया जा रहा था। मैंने अपने आस-पास यही सब होते देखा। जब लोग बेहोश हुए, तो उन्हें बाइकों पर बैठाकर अस्पताल ले जाया गया। वहां भारी भीड़ थी और चारों तरफ अफरा-तफरी मची हुई थी।

कोलकाता में दुर्गा पूजा के दौरान हादसा, पंडाल ढहने से मची भगदड़, करीब 17 लोगों की मौत, 40 घायल

एक अन्य शख्स सुब्रत चटर्जी ने बताया, "मेरे एक दोस्त की जान चली गई। भीड़ में वह कुचला गया। वह मेरे घर के पास ही रहता था।

भीड़ प्रबंधन पर उठे सवाल

इस घटना के बाद दुर्गा पूजा पंडालों में भीड़ को संभालने के इंतजाम पर सवाल उठ रहे हैं। जब पिछले तीन-चार दिनों से पंडाल में बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे थे, तो भीड़ को नियंत्रित करने के लिए क्या व्यवस्था की गई थी? बारिश के दौरान लोगों को सुरक्षित रखने और उन्हें बाहर निकालने के लिए पर्याप्त इंतजाम थे या नहीं, यह भी अहम सवाल है।

TMC नेता कुणाल घोष ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि उत्तरी कोलकाता के चोरबागन पूजा पंडाल में एक बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना घटी है। जो श्रद्धालु घायल हुए हैं, उन्हें मेडिकल कॉलेज लाया गया है।

सुवेंदु अधिकारी के दौर में दुर्गा पूजा का बदला सियासी रंग? बंगाल में बदले नेता, अब परंपरा और पंडालों के नियंत्रण पर नई बहस

हमारा साफ मानना ​​है कि यह हादसा क्यों और कैसे हुआ, इसकी जांच बाद में होगी, लेकिन इस वक्त सबसे जरूरी लोगों की जान बचाना और गंभीर रूप से घायलों को बेहतर चिकित्सा मुहैया कराना है। हमने प्रशासन से अनुरोध किया है और हमारे कार्यकर्ता भी पूरी तरह मदद में जुटे हैं।

Location :  Kolkata

Published :  18 October 2026, 12:29 AM IST