
जंतर-मंतर प्रदर्शन को लेकर दिल्ली पुलिस सुरक्षा मजबूत (सोर्स- एक्स)
New Delhi: राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में संभावित विरोध प्रदर्शनों के मद्देनजर दिल्ली पुलिस पूरी तरह मुस्तैद हो गई है। विभिन्न संगठनों द्वारा जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने के ऐलान के बाद प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को बेहद सख्त कर दिया है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरे नई दिल्ली जिले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू कर दी गई है। इस पाबंदी के तहत अब बिना किसी लिखित अनुमति के किसी भी प्रकार की सार्वजनिक सभा, जुलूस, धरना देने या पांच अथवा उससे अधिक लोगों के एक स्थान पर इकट्ठा होने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है।
आज 2 अक्टूबर 2026 यानी गांधी जयंती के अवसर पर कई प्रमुख राजनीतिक और छात्र संगठनों ने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जंतर-मंतर पर सुबह 11 बजे विरोध प्रदर्शन करने का बुलावा दिया था। इस प्रदर्शन का आह्वान करने वालों में ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA), आम आदमी पार्टी (AAP), यूथ कांग्रेस और कई अन्य वामपंथी (लेफ्ट) संगठन शामिल हैं। ये सभी संगठन वोटर लिस्ट और चुनाव प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों का गंभीर आरोप लगाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने इस प्रदर्शन के लिए अनुमति नहीं दी है।
नई दिल्ली और वीवीआईपी इलाकों की सुरक्षा-व्यवस्था को अभेद्य बनाने के लिए दिल्ली पुलिस, रिजर्व फोर्स, रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPF) के लगभग 4,000 से 5,000 जवानों को तैनात किया गया है। सुरक्षा प्रबंधों को पुख्ता करते हुए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल की कम से कम 20 कंपनियों को मैदान में उतारा गया है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए जंतर-मंतर की तरफ जाने वाले सभी प्रमुख मार्गों पर कड़े इंतजाम किए गए हैं। संसद मार्ग, टॉल्स्टॉय मार्ग, जनपथ रोड, अशोक रोड और केरल भवन की ओर जाने वाले रास्तों पर मल्टी-लेयर बैरिकेड्स खड़े कर दिए गए हैं और इन मार्गों को पूरी तरह ब्लॉक कर दिया गया है।
इसके साथ ही, उत्तर प्रदेश और हरियाणा से लगने वाले दिल्ली के सभी प्रमुख बॉर्डर पर चौकसी बेहद बढ़ा दी गई है, जिससे प्रदर्शनकारियों को दिल्ली की सीमा में प्रवेश करने से रोका जा सके। जंतर-मंतर और उसके आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा निगरानी बढ़ाने के लिए नए सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं।
देवरिया में ब्रेकर निर्माण को लेकर खूनी संघर्ष, घायल शख्स की इलाज के दौरान मौत
यात्रियों और वाहन चालकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दिल्ली पुलिस ने कनॉट प्लेस और जंतर-मंतर के आसपास के रास्तों के लिए विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। नागरिकों और चालकों को सलाह दी गई है कि वे अनावश्यक परेशानी से बचने के लिए वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करें। इसके अतिरिक्त, मौजूदा हालात की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन जरूरत पड़ने पर नई दिल्ली क्षेत्र के कुछ मेट्रो स्टेशनों के गेट बंद करने का फैसला भी ले सकता है।
Location : New Delhi
Published : 2 October 2026, 8:38 AM IST
Topics : Chief Election Commissioner Delhi Police Security Delhi Traffic Advisory Gandhi Jayanti Protest Jantar Mantar Protest