
जुलाई तक चलेंगी ये 5 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें (Img: AI Generated Image)
New Delhi: गर्मियों की छुट्टियों में ट्रेनों में बढ़ती भीड़ और कन्फर्म टिकट की परेशानी के बीच भारतीय रेलवे ने यात्रियों को बड़ी राहत दी है। रेलवे ने यूपी और बिहार जाने वाली 5 जोड़ी समर स्पेशल ट्रेनों के परिचालन की अवधि बढ़ाने का फैसला किया है। अब ये ट्रेनें जुलाई 2026 के आखिर तक यात्रियों को अपनी सेवाएं देती रहेंगी। रेलवे के इस फैसले से खासतौर पर उन यात्रियों को फायदा मिलेगा, जो गर्मी के मौसम में अपने घर जाने या वापस लौटने के लिए ट्रेन का सहारा लेते हैं। पूर्व मध्य रेल के क्षेत्राधिकार से चलने वाली इन ट्रेनों के फेरे बढ़ने से यात्रियों को टिकट मिलने में आसानी होगी और भीड़ का दबाव भी कम होगा।
रेलवे की ओर से जिन स्पेशल ट्रेनों की अवधि बढ़ाई गई है, उनमें कई ट्रेनें ऐसे रूट से गुजरती हैं जो उत्तर प्रदेश और बिहार के बड़े शहरों को जोड़ती हैं। इनमें आगरा, प्रयागराज, डीडीयू, पाटलिपुत्र, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर जैसे महत्वपूर्ण स्टेशन शामिल हैं। पूर्व मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने बताया कि यात्रियों की सुविधा को देखते हुए इन ट्रेनों को आगे भी चलाने का निर्णय लिया गया है।
रेलवे ने ट्रेन संख्या 09151/09152 उधना-मधुबनी-उधना स्पेशल के फेरे बढ़ा दिए हैं। यह ट्रेन कोटा, आगरा, प्रयागराज, डीडीयू, पाटलिपुत्र, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर के रास्ते चलती है। ट्रेन नंबर 09151 उधना से मधुबनी अब 31 जुलाई 2026 तक हर बुधवार और शुक्रवार को चलेगी। वहीं ट्रेन नंबर 09152 मधुबनी से उधना अब 2 अगस्त 2026 तक हर शुक्रवार और रविवार को संचालित होगी। इस ट्रेन से गुजरात और बिहार के बीच यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को सीधा फायदा मिलेगा।
ट्रेन संख्या 09031/09032 उधना-हसनपुर रोड-उधना स्पेशल को भी आगे बढ़ाया गया है। यह ट्रेन कोटा, आगरा, प्रयागराज, डीडीयू, हाजीपुर और मुजफ्फरपुर के रास्ते चलती है। उधना से हसनपुर रोड जाने वाली ट्रेन संख्या 09031 अब 26 जुलाई 2026 तक हर रविवार को चलेगी। वहीं हसनपुर रोड से उधना जाने वाली ट्रेन संख्या 09032 अब 28 जुलाई 2026 तक हर मंगलवार को चलेगी।
रेलवे ने डॉ. अम्बेडकर नगर-पटना-डॉ. अम्बेडकर नगर स्पेशल ट्रेन के फेरे भी बढ़ाए हैं। यह ट्रेन मध्य प्रदेश को बिहार से जोड़ती है और इंदौर, उज्जैन, प्रयागराज छिवकी और डीडीयू के रास्ते चलती है। ट्रेन नंबर 09343 डॉ. अम्बेडकर नगर से पटना अब 30 जुलाई 2026 तक हर गुरुवार को चलेगी। वहीं ट्रेन नंबर 09344 पटना से डॉ. अम्बेडकर नगर अब 31 जुलाई 2026 तक हर शुक्रवार को उपलब्ध रहेगी।
गुजरात से बिहार जाने वाली लोकप्रिय ट्रेन वलसाड-दानापुर-वलसाड स्पेशल ट्रेन को भी जुलाई तक जारी रखा गया है। ट्रेन संख्या 09025 वलसाड से दानापुर अब 27 जुलाई 2026 तक हर सोमवार को चलेगी। जबकि ट्रेन संख्या 09026 दानापुर से वलसाड अब 28 जुलाई 2026 तक हर मंगलवार को संचालित होगी। यह ट्रेन भुसावल, जबलपुर, प्रयागराज छिवकी और डीडीयू के रास्ते बिहार पहुंचती है।
यात्रियों की मांग को देखते हुए अहमदाबाद-पटना-अहमदाबाद स्पेशल ट्रेन को भी एक अतिरिक्त फेरा दिया गया है। ट्रेन संख्या 09447 अहमदाबाद से पटना 1 जुलाई 2026 को भी चलेगी। वहीं ट्रेन संख्या 09448 पटना से अहमदाबाद 3 जुलाई 2026 को रवाना होगी।
Location : New Delhi
Published : 26 June 2026, 6:59 PM IST