
रामलीला मैदान 14 जोन में बंटा
New Delhi: रामलीला मैदान में INDIA ब्लॉक की रैली को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा का व्यापक खाका तैयार किया है। सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए मैदान को 14 जोन में बांटा गया है। यहां करीब चार हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की योजना बनाई गई है।
मैदान में प्रवेश के लिए मेटल डिटेक्टर लगाए गए हैं। जांच के बाद ही लोगों को प्रवेश दिया जाएगा। वहीं, ट्रैफिक व्यवस्था संभालने के लिए प्रमुख चौराहों पर 150 अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, रविवार सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक प्रस्तावित रैली के दौरान वरिष्ठ अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करेंगे। प्रत्येक जोन की जिम्मेदारी एसीपी रैंक के अधिकारी को सौंपी जाएगी, जबकि दो जोन की निगरानी एडिशनल डीसीपी रैंक के अधिकारी करेंगे।
रैली के दौरान रामलीला मैदान और आसपास के इलाकों पर नजर रखने के लिए 200 से अधिक CCTV कैमरे लगाए जाएंगे। इसके अलावा पुलिसकर्मी बॉडी-वॉर्न कैमरों का भी इस्तेमाल करेंगे।
किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए दंगा नियंत्रण वाहन और आधुनिक निगरानी उपकरणों से लैस गाड़ियां भी तैनात रहेंगी। पुलिस का जोर भीड़ पर लगातार नजर रखने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई करने पर रहेगा।
दिल्ली पुलिस ने रैली के आयोजकों को भी सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करने के निर्देश दिए हैं। रणनीतिक स्थानों पर हाई-डेफिनिशन CCTV कैमरे लगाने और उनकी निगरानी के लिए कंट्रोल रूम बनाने को कहा गया है।
इसके अलावा रैली में शामिल होने वाले आमंत्रित लोगों, स्वयंसेवकों और उन्हें लाने वाली बसों का विवरण भी मांगा गया है। पार्किंग व्यवस्था तय करने के लिए ट्रैफिक पुलिस के साथ समन्वय करने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मैदान में रात में रुकने की अनुमति नहीं होगी। आयोजकों को अनुशासन बनाए रखने और ऐसे भाषणों से बचने की हिदायत दी गई है, जिनसे सांप्रदायिक सौहार्द बिगड़ने की आशंका हो।
रैली और विभिन्न संगठनों की ओर से अचानक प्रदर्शन किए जाने की आशंका को देखते हुए केंद्र सरकार ने दिल्ली में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) की 270 कंपनियों की तैनाती तीसरी बार बढ़ाकर 16 नवंबर तक कर दी है।
बताया गया है कि महीने की शुरुआत में सीजेपी के प्रदर्शनों के मद्देनजर इन बलों को दिल्ली बुलाया गया था। इनकी तैनाती और सुरक्षा व्यवस्था के समन्वय की जिम्मेदारी दिल्ली पुलिस को सौंपी गई है।
Location : New Delhi
Published : 1 November 2026, 8:56 AM IST