
नमो भारत और मेरठ मेट्रो यात्रियों के लिए अलर्ट (img: social media)
New Delhi: अगर आ:प नमो भारत या मेरठ मेट्रो से सफर करने वाले हैं तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए एनसीआरटीसी ने बड़ा फैसला लिया है। इसके तहत 14 और 15 अगस्त को नमो भारत और मेरठ मेट्रो के संबंधित स्टेशनों की पार्किंग सुविधाएं बंद रहेंगी। यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए एनसीआरटीसी ने पहले ही पार्किंग स्थलों और मोबाइल एप के जरिए इसकी जानकारी साझा कर दी है।
गुरुवार से ही वाहनों की पार्किंग पर सख्ती
स्वतंत्रता दिवस समारोह को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां लगातार सतर्क हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए एनसीआरटीसी ने स्टेशनों की पार्किंग व्यवस्था में बदलाव किया है। गुरुवार से ही यात्रियों के वाहनों को लंबे समय तक पार्किंग में खड़ा करने से रोका गया। एनसीआरटीसी के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पुनीत वत्स ने बताया कि सुरक्षा कारणों से 14 और 15 अगस्त को स्टेशनों की पार्किंग बंद रखने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा की योजना बनाते समय इस बदलाव का ध्यान रखें।
ट्रेन सेवा रहेगी जारी, यात्रियों को नहीं होगी परेशानी
जहां पार्किंग सुविधा दो दिनों के लिए बंद रहेगी, वहीं नमो भारत और मेरठ मेट्रो की ट्रेन सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहेंगी। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर बड़ी संख्या में लोग घूमने और कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए घरों से निकलते हैं। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ट्रेन संचालन जारी रखने का फैसला किया गया है।
यात्रियों को पहले से दी जा रही जानकारी
एनसीआरटीसी की ओर से यात्रियों तक सूचना पहुंचाने के लिए स्टेशन परिसर, पार्किंग एरिया और मोबाइल एप पर जानकारी उपलब्ध कराई गई है। अधिकारियों का कहना है कि यह कदम यात्रियों की सुरक्षा और स्वतंत्रता दिवस के दौरान बेहतर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए उठाया गया है। इसलिए अगर आप 14 या 15 अगस्त को नमो भारत या मेरठ मेट्रो से यात्रा करने जा रहे हैं तो अपने वाहन की पार्किंग की वैकल्पिक व्यवस्था पहले से कर लें, ताकि सफर के दौरान किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।
Location : New Delhi
Published : 14 August 2026, 11:42 AM IST