
देश में मौसम के दो रंग (Img- Internet)
New Delhi: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा अपडेट के मुताबिक देश के मौसम में इस समय दो अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। एक तरफ जहां उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के इलाके भीषण गर्मी और जानलेवा हीटवेव की चपेट में हैं, वहीं दूसरी तरफ पूर्वोत्तर, दक्षिण भारत और पूर्वी राज्यों में बारिश और आंधी-तूफान की गतिविधियां तेज होने की संभावना है। मौसम विभाग ने कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में फिलहाल गर्मी से राहत मिलने के कोई आसार नहीं हैं। इन राज्यों में सूरज के तीखे तेवर बरकरार रहेंगे। विशेष रूप से हरियाणा, दिल्ली, पंजाब और पूर्वी उत्तर प्रदेश में आज यानी सोमवार को 'गंभीर लू' (Severe Heatwave) चलने की आशंका जताई गई है। इसके अलावा, राजस्थान के कई इलाकों में तापमान सामान्य से काफी ऊपर दर्ज किया जा सकता है, जिससे आम जनजीवन अस्त-व्यस्त रहने की उम्मीद है।
उत्तर भारत की तपिश के बीच बिहार, झारखंड और ओडिशा के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। IMD के मुताबिक, बिहार और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है। इसके विपरीत, ओडिशा और झारखंड में बारिश के साथ-साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया गया है, जिससे तापमान में थोड़ी गिरावट आ सकती है और लोगों को भीषण गर्मी से आंशिक राहत मिल सकती है।
Weather Update: दिल्ली-एनसीआर में भीषण गर्मी का कहर, लू को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने पूर्वोत्तर भारत के राज्यों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में सोमवार को तेज बारिश होने की पूरी संभावना है। मौसम विभाग ने कहा है कि अरुणाचल प्रदेश में कुछ जगहों पर अत्यंत भारी बारिश हो सकती है। इसके साथ ही असम और मेघालय में भी गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के आसार हैं। पश्चिम बंगाल के उप-हिमालयी क्षेत्रों और सिक्किम में भी भारी बारिश का अलर्ट है।
दक्षिण भारत के कई राज्यों में प्री-मानसून और मानसूनी गतिविधियों के कारण बारिश का दौर जारी है। केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कर्नाटक के कई हिस्सों में सोमवार को झमाझम बारिश होने की संभावना है। केरल और लक्षद्वीप में भारी बारिश का अनुमान लगाया गया है। वहीं तमिलनाडु और कर्नाटक में गरज-चमक के साथ 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। इसके अलावा आंध्र प्रदेश के रायलसीमा और तेलंगाना में भी बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर तेज बौछारें पड़ सकती हैं।
भीषण गर्मी में बिजली संकट से उबल पड़ा रायबरेली, 7 दिन में सुधार नहीं तो बड़ा आंदोलन
मौसम में आ रहे इस उतार-चढ़ाव को देखते हुए आईएमडी ने लू प्रभावित राज्यों के लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की है। विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वे दोपहर के समय (खासकर दोपहर 12 से 3 बजे के बीच) बहुत जरूरी न होने पर घरों से बाहर निकलने से बचें। बाहर निकलते समय सिर को ढककर रखें और शरीर में पानी की कमी न होने दें। मौसम विभाग का कहना है कि देश के ज्यादातर हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक मौसम का यह मिजाज इसी तरह बना रह सकता है।
Location : New Delhi
Published : 25 May 2026, 7:58 AM IST