मानसून की विदाई के बीच मौसम ने ली करवट: दिल्ली-यूपी समेत 24 राज्यों में भारी बारिश और आंधी का हाई अलर्ट जारी

मौसम विभाग (IMD) ने 12 अक्टूबर को देश के 24 राज्यों में भारी बारिश और 70 किमी/घंटा की रफ्तार से आंधी-तूफान चलने का रेड अलर्ट जारी किया है। बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवात और उत्तर भारत में बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है।

Post Published By: सौम्या सिंह
Updated : 12 October 2026, 8:13 AM IST

New Delhi: देशभर में एक तरफ जहां मानसून की विदाई का दौर चल रहा है, वहीं दूसरी तरफ मौसम ने अचानक एक नया और खतरनाक मोड़ ले लिया है। बंगाल की खाड़ी में उठने वाली तूफानी हवाओं और उत्तर प्रदेश के पूर्वी हिस्से के ऊपरी वायुमंडल में बन रहे चक्रवाती परिसंचरण (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) के कारण उत्तर भारत समेत देश के बड़े हिस्से में मौसम का मिजाज पूरी तरह बिगड़ गया है। मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी जारी करते हुए आज 12 अक्टूबर को देश के 24 राज्यों में मूसलाधार बारिश और भयंकर आंधी-तूफान की आशंका जताई है।

पहाड़ों से लेकर समुद्र तटों तक हाई अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, आज का दिन कई राज्यों के लिए भारी पड़ सकता है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के कारण लैंडस्लाइड (भूस्खलन) का बड़ा खतरा बना हुआ है, जिसके चलते पर्यटकों और स्थानीय लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। इसके अलावा, तटीय और समुद्री सीमा से लगे राज्यों में मछुआरों के लिए विशेष चेतावनी जारी की गई है। उन्हें इस तूफानी मौसम में समुद्र में न जाने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। कई जगहों पर ओले गिरने की भी चेतावनी दी गई है।

Weather Update Today: उमस वाली गर्मी या लू के थपेड़े? जानिए अगले 5 दिनों तक आपकी जेब और सेहत पर कैसे भारी पड़ेगा मौसम

देश के प्रमुख राज्यों में आज का मौसम

दिल्ली-एनसीआर: सुबह-सुबह हुई भारी बारिश के बाद आज दिनभर मौसम खराब रहने की संभावना है। राजधानी में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। यहां अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा सकता है।

उत्तर प्रदेश: कानपुर, नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, सहारनपुर, बुलंदशहर, रामपुर, बरेली, हरदोई, अलीगढ़, प्रयागराज, गोरखपुर और गाजीपुर में आंधी-बारिश का दौर जारी रहेगा। यहां 40 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 32°C और न्यूनतम तापमान 22°C रहने का अनुमान है।

बिहार: भागलपुर, समस्तीपुर, मधुबनी, जहानाबाद, दरभंगा, गया, लखीसराय, बेगूसराय, पूर्णिया और अररिया में भारी बारिश के साथ 50 किमी/घंटा की गति से आंधी चलने का अलर्ट है। पटना में अधिकतम तापमान 32°C और न्यूनतम 23°C रहेगा।

राजस्थान: भरतपुर, डूंगरपुर, कोटा, अजमेर, बीकानेर, उदयपुर, बूंदी और सवाई माधोपुर में आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश की चेतावनी है। यहां हवा की रफ्तार 50 से 55 किमी/घंटा तक हो सकती है। जयपुर में अधिकतम तापमान 33°C और न्यूनतम 22°C रहने की उम्मीद है।

मध्य प्रदेश: मंडला, नीमच, भोपाल, इंदौर, उज्जैन, कटनी, सतना, ग्वालियर और जबलपुर में बारिश और हल्की आंधी का असर दिखेगा। यहाँ 30 किमी/घंटा की स्पीड से हवाएं चल सकती हैं। भोपाल में अधिकतम तापमान 32°C और न्यूनतम 22°C रहेगा।

Weather Update Today: दिल्ली-NCR में सुबह से झमाझम बारिश, महाराष्ट्र में नदियां उफान पर, यूपी-उत्तराखंड में अलर्ट जारी

झारखंड: हजारीबाग, पलामू, पाकुड़, जमशेदपुर, जमताड़ा, सिमडेगा, गढ़वा और साहेबगंज में तेज बारिश का अनुमान है। 50 किमी/घंटा की रफ्तार से आंधी चल सकती है। रांची में अधिकतम तापमान 28°C और न्यूनतम तापमान 19°C दर्ज किया जा सकता है।

24 राज्यों में मूसलाधार बारिश की चेतावनी

IMD के मुताबिक, जिन 24 राज्यों में आज भारी बारिश और आंधी-तूफान का रेड/ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, उनमें दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड, तमिलनाडु, हरियाणा, पंजाब, छत्तीसगढ़, असम, त्रिपुरा, सिक्किम, मेघालय, आंध्र प्रदेश, केरल, तेलंगाना और कर्नाटक शामिल हैं। मौसम विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें और अनावश्यक यात्रा से बचें।

Location :  New Delhi

Published :  12 October 2026, 8:09 AM IST