हिंदी
ज्योतिषाचार्य डॉ. दिवाकर त्रिपाठी से खास बातचीत
New Delhi: वर्ष 2026 कन्या राशि वालों के लिए कई मायनों में अलग और चुनौतीपूर्ण रहने वाला है। सुप्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य डॉ. दिवाकर त्रिपाठी के अनुसार आने वाला वर्ष कन्या राशि के जातकों के लिए मानसिक उतार-चढ़ाव, आलस्य और कार्यों में बाधाओं से भरा रह सकता है। इस वर्ष आत्मबल से किए गए कार्यों की अपेक्षा दूसरों के सहयोग से किए गए काम अधिक सफल होंगे।
सुस्ती और निर्णय लेने में असमर्थता देखने को मिलेगी
डॉ. त्रिपाठी बताते हैं कि वर्ष 2026 में कन्या राशि वालों के स्वभाव में सुस्ती और निर्णय लेने में असमर्थता देखने को मिलेगी। कई बार ऐसा अनुभव होगा कि मन होते हुए भी कार्य पूरे नहीं हो पा रहे हैं। जो कार्य अकेले करने का प्रयास करेंगे, उनमें असफलता की संभावना अधिक रहेगी, जबकि टीमवर्क या सहयोग से किए गए कार्य अपेक्षाकृत बेहतर परिणाम देंगे।
मानसिक तनाव रहेगा
इस वर्ष पारिवारिक और सामाजिक जीवन में भी कलह की स्थिति बन सकती है। छोटी-छोटी बातों पर विवाद बढ़ सकता है, जिससे मानसिक तनाव रहेगा। रिश्तों में गलतफहमी और संवाद की कमी परेशानी का कारण बन सकती है। ऐसे में कन्या राशि वालों को धैर्य और संयम से काम लेने की आवश्यकता होगी।
ये समस्या बनेगी
2026 में कन्या राशि वालों की एक बड़ी समस्या ध्यान भटकना रहेगी। मन एकाग्र न रहने के कारण पढ़ाई, नौकरी या व्यवसाय में निरंतरता बनाए रखना कठिन हो सकता है। एकांत में बैठकर काम करने की कोशिश भी ज्यादा सफल नहीं होगी। डॉ. त्रिपाठी के अनुसार इसका मुख्य कारण ग्रहों की स्थिति के कारण मन का अस्थिर रहना है।
विपरीत समय से कैसे छुटकारा पाएं
इस मानसिक असंतुलन से राहत पाने के लिए ज्योतिषीय उपाय भी बताए गए हैं। कन्या राशि वालों को हर सोमवार भगवान शिव की आराधना करनी चाहिए। शिवलिंग पर जल अर्पित करना, “ॐ नमः शिवाय” मंत्र का जाप करना और शांत मन से ध्यान करना मानसिक स्थिरता प्रदान करेगा। इससे नकारात्मक विचारों में कमी आएगी और निर्णय क्षमता में सुधार होगा।
वर्ष 2026 में अच्छे मौके भी मिलेंगे
हालांकि, वर्ष 2026 पूरी तरह नकारात्मक नहीं है। इस साल कन्या राशि वालों के लिए व्यापार के क्षेत्र में कुछ अच्छे अवसर भी मिल सकते हैं। विशेष रूप से लिक्विड से जुड़े व्यापार जैसे पेट्रोल, डीजल, पानी, कोल्ड ड्रिंक, केमिकल या अन्य तरल पदार्थों के कारोबार में लाभ की प्रबल संभावना है। यदि इस तरह के व्यापार का कोई अवसर सामने आए तो बिना ज्यादा सोच-विचार किए उसे आगे बढ़ाना लाभकारी रहेगा।
अनावश्यक खर्च और जल्दबाजी से नुकसान हो सकता है
डॉ. दिवाकर त्रिपाठी का कहना है कि इस वर्ष कन्या राशि वालों को जोखिम लेने से बचना चाहिए, लेकिन जहां ग्रहों का समर्थन मिले वहां अवसर हाथ से नहीं जाने देना चाहिए। आर्थिक मामलों में धीरे-धीरे सुधार होगा, लेकिन अनावश्यक खर्च और जल्दबाजी से नुकसान हो सकता है। कुल मिलाकर वर्ष 2026 कन्या राशि वालों के लिए आत्ममंथन, धैर्य और सही दिशा में प्रयास करने का वर्ष रहेगा। संयम, आध्यात्मिकता और सहयोग से आगे बढ़ने पर कठिन परिस्थितियों को भी अवसर में बदला जा सकता है।
Location : New Delhi
Published : 20 December 2025, 6:00 AM IST
Topics : 2026 horoscope New Year Rashifal 2026 Virgo Rashi
No related posts found.