सोनिया गांधी की आत्मकथा का रास्ता साफ, पेंगुइन के बाद अब हार्पर कॉलिन्स करेगा प्रकाशित; 10 नवंबर को रिलीज

सोनिया गांधी की बहुप्रतीक्षित आत्मकथा ‘Belonging: A Journey of Love’ के भारत में प्रकाशन का रास्ता साफ हो गया है। हार्पर कॉलिन्स इंडिया ने ऐलान किया है कि वह किताब को भारत में प्रकाशित करेगा और 10 नवंबर 2026 से यह बाजार में उपलब्ध होगी। इससे पहले पेंग्विन इंडिया के प्रकाशन से पीछे हटने के बाद इस मुद्दे पर कांग्रेस और भाजपा के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई थी।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 4 September 2026, 3:15 PM IST
google-preferred

New Delhi: कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की बहुप्रतीक्षित आत्मकथा को लेकर लंबे समय से चल रहा सस्पेंस अब खत्म हो गया है। किताब के भारत में प्रकाशन को लेकर जिस फैसले ने पिछले दिनों राजनीतिक गलियारों में खूब चर्चा बटोरी थी, उसके बाद अब इसकी तस्वीर साफ हो गई है। सोनिया गांधी की आत्मकथा ‘Belonging: A Journey of Love’ को भारत में अब हार्पर कॉलिन्स इंडिया प्रकाशित करेगा। प्रकाशक ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इसकी घोषणा की है। किताब की बिक्री भारत में 10 नवंबर 2026 से शुरू होने की जानकारी दी गई है।

किताब को लेकर खास बात यह है कि यह सिर्फ एक राजनीतिक संस्मरण नहीं है, बल्कि सोनिया गांधी के जीवन, उनकी पहचान, रिश्तों, जिम्मेदारियों और भारत के साथ उनके जुड़ाव की कहानी के तौर पर पेश की जा रही है। ऐसे में कांग्रेस, गांधी परिवार और भारतीय राजनीति को करीब से देखने वालों के लिए इस किताब का इंतजार खासा दिलचस्प रहने वाला है।

हार्पर कॉलिन्स ने किया बड़ा ऐलान

हार्पर कॉलिन्स इंडिया ने सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि वह सोनिया गांधी की बहुप्रतीक्षित संस्मरण पुस्तक ‘Belonging: A Journey of Love’ को भारत में प्रकाशित करेगा। प्रकाशक के मुताबिक किताब 10 नवंबर 2026 को भारत में प्रकाशित होगी। प्रकाशक ने इसे हमारे समय के सबसे बहुप्रतीक्षित राजनीतिक संस्मरणों में से एक बताया है। किताब के जरिए प्रेम, पहचान, कर्तव्य और अपनत्व जैसे पहलुओं को सामने लाने की बात कही गई है।

आखिर क्या है ‘Belonging’ में?

सोनिया गांधी की यह किताब उनके जीवन और भारत से उनके रिश्ते को केंद्र में रखती है। किताब के शीर्षक ‘Belonging’ से भी संकेत मिलता है कि इसमें सिर्फ राजनीतिक घटनाओं का ब्यौरा नहीं होगा, बल्कि अपनत्व और पहचान जैसे व्यक्तिगत पहलुओं पर भी फोकस किया जाएगा। सोनिया गांधी भारतीय राजनीति की सबसे प्रभावशाली और लंबे समय तक चर्चा में रही शख्सियतों में शामिल रही हैं। वह कई वर्षों तक कांग्रेस की अध्यक्ष रहीं और यूपीए सरकार के दौर में भी सत्ता के केंद्र में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Vande Mataram Controversy: ‘वंदे मातरम’ विवाद पर बंकिम चंद्र के वंशज ने सोनिया गांधी से की ये मांग, बोले- यह लाखों शहीदों का अपमान

पेंग्विन से क्यों बिगड़ी थी बात?

सोनिया गांधी की आत्मकथा को लेकर विवाद की शुरुआत उस समय हुई थी, जब भारत में इसके प्रकाशन अधिकार हासिल करने वाली पेंग्विन रैंडम हाउस की भारतीय इकाई ने किताब को यहां प्रकाशित करने से पीछे हटने का फैसला किया। रिपोर्ट्स के मुताबिक प्रकाशक की ओर से मूल पांडुलिपि में कुछ संपादकीय बदलाव और संवेदनशील माने जाने वाले हिस्सों को हटाने की मांग की गई थी। हालांकि, इन बदलावों को लेकर सोनिया गांधी की सहमति नहीं बनी और इसके बाद भारत में किताब के प्रकाशन का यह प्रोजेक्ट पेंग्विन इंडिया के साथ आगे नहीं बढ़ सका।

अब हार्पर कॉलिन्स के हाथ में प्रकाशन

अब हार्पर कॉलिन्स इंडिया द्वारा किताब के प्रकाशन की घोषणा के साथ भारत में इसके प्रकाशन का रास्ता साफ हो गया है। इससे लंबे समय से चल रहा इंतजार भी खत्म होता नजर आ रहा है। 10 नवंबर 2026 को किताब के भारत में प्रकाशित होने के बाद पाठकों के सामने सोनिया गांधी के जीवन और उनके राजनीतिक सफर से जुड़े संस्मरणों का विस्तृत संस्करण होगा। किताब में कौन-कौन से राजनीतिक घटनाक्रम और व्यक्तिगत अनुभव शामिल हैं, इसे लेकर अभी से लोगों की दिलचस्पी बढ़ रही है।

भारतीय नागरिकता से पहले 1980 में सोनिया गांधी कैसे बनी वोटर? कोर्ट ने जारी किया नोटिस, जानिये पूरा मामला

10 नवंबर को खत्म होगा इंतजार

सोनिया गांधी की आत्मकथा का भारत में प्रकाशन ऐसे समय हो रहा है जब भारतीय राजनीति में गांधी परिवार की भूमिका आज भी लगातार चर्चा का विषय बनी रहती है। ऐसे में इस किताब के सामने आने के बाद इसमें लिखे गए संस्मरणों और राजनीतिक घटनाओं की व्याख्या को लेकर भी बहस होने की संभावना है।

फिलहाल इतना तय है कि ‘Belonging: A Journey of Love’ के भारत में प्रकाशन को लेकर अब तस्वीर साफ है। हार्पर कॉलिन्स इंडिया इसे प्रकाशित करेगा और 10 नवंबर 2026 से भारतीय पाठकों के लिए यह किताब उपलब्ध होगी। अब नजर इस बात पर रहेगी कि किताब में सोनिया गांधी ने अपने जीवन और भारतीय राजनीति के किन अनकहे या कम चर्चित पहलुओं को जगह दी है।

Location :  New Delhi

Published :  4 September 2026, 3:15 PM IST

Advertisement