Ram Rahim Parole: राम रहीम को कब-कब मिली पैरोल…? जानें कितनी बार आया जेल से बाहर

डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम एक बार फिर 40 दिन की पैरोल पर जेल से बाहर आ रहा है। साध्वियों से रेप और पत्रकार हत्या के मामलों में दोषी राम रहीम 15वीं बार रिहा होगा। पैरोल के दौरान वह सिरसा डेरा में रहेगा।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 4 January 2026, 3:12 PM IST

Haryana: रोहतक की सुनारिया जेल में आजीवन कारावास की सजा काट रहे डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह को एक बार फिर 40 दिनों की पैरोल मिल गई है। साध्वियों से रेप और पत्रकार रामचंद्र छत्रपति की हत्या के मामलों में दोषी ठहराया जा चुका राम रहीम दोपहर 12 बजे जेल से बाहर आएगा। पैरोल की अवधि के दौरान वह हरियाणा के सिरसा स्थित डेरा सच्चा सौदा के मुख्यालय में रहेगा।

रेप केस में काट रहा है 20 साल की सजा

गुरमीत राम रहीम को अगस्त 2017 में पंचकूला की विशेष सीबीआई अदालत ने साध्वियों से रेप के दो मामलों में दोषी करार दिया था। अदालत ने उसे 20 साल की सजा सुनाते हुए दोनों पीड़ितों को 15-15 लाख रुपये मुआवजा देने का आदेश भी दिया था। इसके अलावा, पत्रकार हत्या मामले में उसे उम्रकैद की सजा मिली हुई है।

पैरोल पर बाहर आने का लंबा इतिहास

अगस्त 2017 में सजा के बाद यह 15वीं बार है जब राम रहीम जेल से बाहर आ रहा है। इससे पहले अगस्त 2025 में उसे 40 दिन की पैरोल मिली थी। जनवरी 2025 में 30 दिन, अप्रैल 2025 में 21 दिन और अक्टूबर 2024 में 20 दिन की पैरोल पर भी वह बाहर रह चुका है। हर बार की तरह इस बार भी उसका ठिकाना सिरसा डेरा ही रहेगा।

सजा के बीच बार-बार जेल से बाहर क्यों आ रहे राम रहीम? फिर मिली 40 दिन की पैरोल

अब तक 15 बार पैरोल पर बाहर आ चुका है गुरमीत राम रहीम

  • 24 अक्टूबर 2020: पहली बार 1 दिन की पैरोल पर रिहाई
  • 21 मई 2021: बीमार मां से मिलने के लिए 12 घंटे की विशेष पैरोल
  • 7 फरवरी 2022: 21 दिनों की पैरोल पर जेल से बाहर
  • जून 2022: 30 दिन की पैरोल मिली
  • 14 अक्टूबर 2022: 40 दिनों की पैरोल पर रिहाई
  • 21 जनवरी 2023: दूसरी बार 40 दिन की पैरोल
  • 20 जुलाई 2023: 30 दिनों की अस्थायी रिहाई
  • 21 नवंबर 2023: 21 दिन की पैरोल
  • 19 जनवरी 2024: अब तक की सबसे लंबी 50 दिन की पैरोल
  • 13 अगस्त 2024: 21 दिन की पैरोल
  • 2 अक्टूबर 2024: 20 दिनों के लिए जेल से बाहर
  • 28 जनवरी 2025: 30 दिन की पैरोल स्वीकृत
  • 9 अप्रैल 2025: 21 दिन की पैरोल
  • 5 अगस्त 2025: 40 दिन की पैरोल पर रिहाई

डेरा में भीड़ जुटाने की अनुमति नहीं

प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि पैरोल के दौरान गुरमीत राम रहीम को अपने समर्थकों को डेरा परिसर में एकत्र करने की अनुमति नहीं होगी। हालांकि, वह वीडियो संदेश या वर्चुअल माध्यम से अपने अनुयायियों से संवाद कर सकता है। पहले भी जेल से बाहर आने पर वह अपने समर्थकों को संयम बनाए रखने की अपील करता रहा है।

2017 की हिंसा अब भी ताजा

राम रहीम को दोषी ठहराए जाने के बाद पंचकूला और सिरसा में उसके समर्थकों ने जमकर हिंसा की थी। सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया और सुरक्षा बलों के साथ झड़प हुई। इस हिंसा में 40 से अधिक लोगों की मौत हो गई थी। हालात बिगड़ने पर राम रहीम को चॉपर के जरिए पंचकूला से रोहतक की सुनारिया जेल शिफ्ट किया गया था।

मंडप से दुल्हन को भगा ले गई उसकी ही सहेली… जाते-जाते भाई से कही ये बात; पढ़ें यह अजीबोगरीब खबर

हर पैरोल पर उठते हैं सवाल

गुरमीत राम रहीम को बार-बार मिलने वाली पैरोल पर विपक्षी दल और सामाजिक संगठन सवाल उठाते रहे हैं। हर रिहाई के साथ राजनीतिक और प्रशासनिक चर्चाएं तेज हो जाती हैं। हालांकि, सरकार का कहना है कि पैरोल पूरी तरह नियमों के तहत दी जाती है।

Location : 
  • Haryana

Published : 
  • 4 January 2026, 3:12 PM IST