दिवाली के बाद हवा हुई बेहद जहरीली: फरीदकोट सबसे ऊपर, गोरखपुर भी टॉप-10 प्रदूषित शहरों में एक

दिवाली के बाद देश में वायु प्रदूषण का स्तर बेहद खतरनाक हो गया है। 10 नवंबर की सुबह फरीदकोट का AQI 1350 के पार पहुंच गया, वहीं उत्तर प्रदेश का गोरखपुर भी 477 AQI के साथ देश के टॉप-10 सबसे प्रदूषित शहरों की लिस्ट में शामिल है।

Post Published By: सौम्या सिंह
Updated : 10 November 2026, 9:35 AM IST

New Delhi: दिवाली के बाद पूरे देश में हवा की गुणवत्ता एक बार फिर खतरनाक स्तर पर पहुंच गई है। वायु प्रदूषण का यह खतरनाक दौर अब बड़े महानगरों से निकलकर कई अन्य प्रमुख शहरों तक फैल गया है। ताजा आंकड़ों के अनुसार, उत्तर प्रदेश का गोरखपुर अब देश के 10 सबसे प्रदूषित शहरों की सूची में शामिल हो गया है। इस सूची में गोरखपुर 10वें स्थान पर है, जहां वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 477 है।

फरीदकोट में AQI 1350 के पार, देश में सबसे खराब हालात

10 नवंबर को सुबह 7:30 बजे दर्ज किए गए आंकड़ों से पता चलता है कि पंजाब का फरीदकोट शहर देश में सबसे ज्यादा प्रदूषण का सामना कर रहा है। वहां AQI 1351 तक पहुंच गया है- यह स्तर इंसानी सेहत के लिए बेहद खतरनाक और जहरीला माना जाता है। फरीदकोट के अलावा पंजाब और हरियाणा के कई अन्य जिले भी इस चिंताजनक सूची में प्रमुखता से शामिल हैं।

UP Weather: गोवर्धन पूजा पर मौसम रहेगा मेहरबान, सुबह धुंध और दोपहर में धूप, जानिए लखनऊ, मेरठ समेत पूरे यूपी का हाल

श्रीगंगानगर और बठिंडा में हालात बेहद खराब

राजस्थान का श्रीगंगानगर इस सूची में दूसरे स्थान पर है, जहां हवा की गुणवत्ता गिरकर 1287 AQI तक पहुंच गई है। वहीं, पंजाब का बठिंडा शहर 1118 AQI के साथ तीसरे स्थान पर है। ये आंकड़े साफ तौर पर बताते हैं कि उत्तर भारत के कई हिस्सों में स्थिति कितनी गंभीर बनी हुई है।

फरीदकोट से लेकर गोरखपुर तक हवा बेहद खराब (सोर्स-Pinterest)

देश के 10 सबसे प्रदूषित शहरों की सूची AQI.IN के आंकड़ों के आधार पर, यहाँ 10 सबसे प्रदूषित शहरों की सूची दी गई है-

1. फरीदकोट, पंजाब - AQI: 1351

2. श्रीगंगानगर, राजस्थान - AQI: 1287

3. बठिंडा, पंजाब - AQI: 1118

4. सिरसा, हरियाणा - AQI: 789

5. पटियाला, पंजाब - AQI: 578

6. पानीपत, हरियाणा - AQI: 564

7. हिसार, हरियाणा - AQI: 563

8. गुरुग्राम, हरियाणा - AQI: 516

9. लुधियाना, पंजाब - AQI: 499

10. गोरखपुर, उत्तर प्रदेश - AQI: 477

Gorakhpur: ई-रिक्शा में छूटा ट्रॉली बैग ऐसे पहुंचा महिला तक, सुरक्षित मिले जेवर और दस्तावेज

स्वास्थ्य के लिए एक बड़ा खतरा

दिल्ली और उसके आस-पास के इलाकों के साथ-साथ गोरखपुर जैसे शहरों में प्रदूषण का यह स्तर लोगों के लिए गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं पैदा कर रहा है। सांस लेने में कठिनाई, आंखों में जलन और गले के संक्रमण जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने इस जहरीली हवा में बाहर न जाने की सलाह दी है और अतिरिक्त सावधानी बरतने पर जोर दिया है।

Location :  New Delhi

Published :  10 November 2026, 9:13 AM IST