
सी. जोसेफ विजय (IMG: Pinterest)
Madurai: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और अभिनेता से राजनेता बने सी. जोसेफ विजय सोमवार यानी 28 सितंबर को राज्य सरकार की बहुचर्चित ‘थाइमामन थंगा मोथिरम’ (Thaimaaman Thanga Mothiram) योजना की शुरुआत करेंगे। इस योजना के तहत सरकारी अस्पतालों में जन्म लेने वाले पात्र नवजात बच्चों को एक ग्राम की सोने की अंगूठी दी जाएगी। योजना की शुरुआत मदुरै के सरकारी राजाजी अस्पताल में होने वाले कार्यक्रम से होगी। पहले चरण के लिए 1.28 लाख सोने की अंगूठियां तैयार की जा चुकी हैं।
सरकार के मुताबिक यह योजना 22 जून 2026 से सरकारी अस्पतालों में जन्म लेने वाले पात्र बच्चों पर लागू होगी। 22 जून की तारीख इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि यह मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय का जन्मदिन है। योजना के तहत पात्र बच्चे को एक ग्राम, 22 कैरेट सोने की अंगूठी दी जाएगी। अंगूठी की पहचान के लिए उस पर यूनिक सीरियल नंबर होगा और इसे टैम्पर-प्रूफ पैकेजिंग में दिया जाएगा। शुरुआती चरण में 1.28 लाख अंगूठियां खरीदी जा चुकी हैं।
तमिलनाडु सरकार के आंकड़ों के अनुसार राज्य में हर साल करीब 7.8 लाख बच्चों का जन्म होता है। इनमें लगभग 4.2 लाख यानी करीब 53 प्रतिशत प्रसव सरकारी अस्पतालों में होते हैं। योजना के तहत सालाना करीब 4.41 लाख एक ग्राम की सोने की अंगूठियां उपलब्ध कराने का प्रावधान किया गया है। सरकार ने योजना के लिए सालाना 755.83 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया है।
योजना का लाभ लेने के लिए बच्चे का जन्म तमिलनाडु के सरकारी अस्पताल में होना जरूरी है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक लाभार्थी परिवार का तमिलनाडु का स्थायी निवासी होना भी आवश्यक है। साथ ही गर्भवती महिला और बच्चे का राज्य के प्रेग्नेंसी एवं शिशु निगरानी सिस्टम में पंजीकरण होना जरूरी है। सरकार ने योजना को राज्य की मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं से भी जोड़ा है।
पहले चरण के लिए तैयार की गई करीब 1.28 लाख अंगूठियों की खरीद तमिलनाडु मेडिकल सर्विसेज कॉरपोरेशन के जरिए की गई है। सरकारी प्रेस रिलीज के अनुसार खरीद के लिए जोयालुकस और कल्याण ज्वैलर्स को 70:30 के अनुपात में ऑर्डर दिया गया। हर अंगूठी पर यूनिक सीरियल नंबर और सुरक्षित पैकेजिंग की व्यवस्था रखी गई है।
‘थाइमामन थंगा मोथिरम’ योजना को पहले 15 सितंबर को लॉन्च करने की योजना थी। यह तारीख पूर्व मुख्यमंत्री सी.एन. अन्नादुरई की जयंती के साथ जुड़ी थी। हालांकि, विजय के यूके दौरे के चलते लॉन्च कार्यक्रम को आगे बढ़ा दिया गया और बाद में 28 सितंबर की तारीख तय की गई। शुरुआती रिपोर्टों में कार्यक्रम के लिए मदुरै के उसिलामपट्टी सरकारी अस्पताल का नाम सामने आया था, लेकिन बाद में कार्यक्रम का स्थान बदलकर सरकारी राजाजी अस्पताल, मदुरै कर दिया गया।
मुख्यमंत्री विजय के दौरे को देखते हुए मदुरै में प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। सरकारी राजाजी अस्पताल परिसर में कार्यक्रम की तैयारियां की जा रही हैं और सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूत किया गया है। 28 सितंबर का कार्यक्रम विजय के मुख्यमंत्री बनने के बाद मदुरै में उनके शुरुआती बड़े आधिकारिक कार्यक्रमों में से एक होगा। योजना के लॉन्च के साथ ही राज्यभर में इसके क्रियान्वयन की प्रक्रिया शुरू होगी।
Location : Madurai
Published : 27 September 2026, 2:37 PM IST
Topics : Gold Ring Scheme 2026 Joseph Vijay tamil nadu cm vijay Tamil Nadu Gold Ring Scheme Tamil Nadu Government Scheme