लॉरेंस बिश्नोई गैंग का विदेशी पनाहगार शिकंजे में: दिल्ली एयरपोर्ट से किया गिरफ्तार, जानिए कैसे मिली ये बड़ी कामयाबी

कनाडा से भारत डिपोर्ट किए गए गैंगस्टर कर्मवीर देओ को पंजाब पुलिस ने दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया है। कर्मवीर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सदस्यों को अमेरिका में शेल्टर और लीगल मदद देता था। अनमोल बिश्नोई को भगाने में भी थी मुख्य भूमिका।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 15 September 2026, 12:10 PM IST

New Delhi: कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क के खिलाफ भारतीय सुरक्षा एजेंसियों और पंजाब पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। विदेश में बैठकर गैंग के लिए लॉजिस्टिक और कानूनी मदद जुटाने वाले गैंगस्टर कर्मवीर देओ को कनाडा से भारत डिपोर्ट किए जाने के तुरंत बाद इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (दिल्ली) से गिरफ्तार कर लिया गया है। पंजाब पुलिस ने उसके खिलाफ पहले ही लुकआउट सर्कुलर (LOC) जारी किया हुआ था, जिसके चलते जैसे ही उसने भारतीय सरजमीं पर कदम रखा, पुलिस ने उसे अपनी हिरासत में ले लिया।

अनमोल बिश्नोई को भारत से भगाने और शरण देने का आरोप

कर्मवीर देओ को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का बेहद करीबी और मास्टरमाइंड मददगार माना जाता है। उस पर सबसे बड़ा आरोप यह है कि उसने लॉरेंस के भाई अनमोल बिश्नोई को भारत से सुरक्षित फरार कराने में मुख्य भूमिका निभाई थी।

अनमोल जब अमेरिका पहुंचा, तो वह कर्मवीर के घर पर ही रुका था। अमेरिका में पंजाबी सिंगरों के साथ अनमोल बिश्नोई के डांस और पार्टी का जो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, वह कर्मवीर के ठिकाने का ही बताया जाता है।

लॉरेंस बिश्नोई की बीवी गिरफ्तार, जानें कौन है बिंदू देवी? शामली के अंकित बालियान से जुड़ा मामला

अमेरिका से कनाडा तक फैला था पनाह देने का जाल

कर्मवीर की भूमिका केवल अनमोल को पनाह देने तक सीमित नहीं थी। वह अमेरिका पहुंचने वाले लॉरेंस गैंग के अन्य शूटरों और गुर्गों को छिपने की जगह (सेफ हाउस) देता था और उनके लिए महंगे वकीलों और कानूनी सहायता का इंतजाम करता था।

जब अमेरिकी जांच एजेंसी एफबीआई (FBI) ने बिश्नोई गैंग पर शिकंजा कसना शुरू किया, तो कर्मवीर अमेरिका छोड़कर कनाडा भाग गया था। हालांकि, कनाडा से भी वह लगातार गैंग की आपराधिक गतिविधियों का संचालन कर रहा था।

निज्जर की हत्या में कनाडा के पूर्व पीएम जस्टिन ट्रूडो का दावा खारिज, क्या अमेरिका के हवाले होगा लॉरेंस बिश्नोई?

सिंगर एपी ढिल्लों के घर फायरिंग मामले से भी जुड़ा तार

कनाडा में मशहूर पंजाबी सिंगर एपी ढिल्लों के घर के बाहर हुई अंधाधुंध फायरिंग के मामले में भी कर्मवीर देओ का नाम प्रमुखता से सामने आया था। बिश्नोई गैंग द्वारा ली गई इस हमले की जिम्मेदारी के बाद कनाडाई और भारतीय एजेंसियां कर्मवीर की भूमिका की गहन जांच कर रही थीं। अब भारत वापसी पर पंजाब पुलिस उससे अनमोल को भगाने, विदेशी फंडिंग, और एपी ढिल्लों केस को लेकर कड़ी पूछताछ करेगी।

Location :  New Delhi

Published :  15 September 2026, 12:10 PM IST