हिंदी
प्रतीकात्मक छवि (Source Internet)
नई दिल्ली: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) के टोल प्लाजा से जुड़े कथित धोखाधड़ी और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में बुधवार को बड़ी कार्रवाई की। ईडी ने कई राज्यों में करीब 14 ठिकानों पर छापेमारी की।
केंद्रीय एजेंसी की यह कार्रवाई प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत की गई है। अधिकारियों के मुताबिक, यह मामला टोल प्लाजा पर अवैध तरीके से टोल वसूली और उससे हुई कमाई को सिस्टम से बाहर भेजने से जुड़ा है।
ईडी की टीम ने उत्तर प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश, दिल्ली-NCR और पश्चिम बंगाल में तलाशी अभियान चलाया। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस की दो एफआईआर के आधार पर मनी लॉन्ड्रिंग की जांच शुरू की गई थी।
जांच एजेंसी के अनुसार, एफआईआर में आरोप लगाया गया है कि टोल रसीदें बनाने के लिए अनधिकृत सॉफ्टवेयर एप्लिकेशन का इस्तेमाल किया गया। इसके जरिए टोल से होने वाली कमाई को आधिकारिक अकाउंटिंग सिस्टम से बाहर डायवर्ट किया गया।
ईडी अधिकारियों ने बताया कि फोरेंसिक जांच और NHAI के रिकॉर्ड से ऐसे सॉफ्टवेयर के इस्तेमाल की पुष्टि हुई है। छापेमारी का उद्देश्य डिजिटल सबूत, दस्तावेज और वित्तीय लेनदेन से जुड़ी जानकारी जुटाना है।
एजेंसी अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस कथित घोटाले से कौन-कौन लोग जुड़े हैं और अवैध तरीके से अर्जित धन का लाभ किन लोगों को मिला।
Location : New Delhi
Published : 2 September 2026, 9:27 AM IST
Topics : ED Raid NHAI Toll Scam Enforcement Directorate Action money laundering case NHAI Toll Plaza Fraud Toll Collection Scam