यस बैंक मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी की बड़ी कार्रवाई, दिल्ली-मुंबई समेत 17 ठिकानों पर छापेमारी

यस बैंक से जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी ने दिल्ली, मुंबई और खंडाला समेत 17 ठिकानों पर छापेमारी की है। जांच एजेंसी वित्तीय अनियमितताओं और ऋणों के कथित फर्जी हस्तांतरण की जांच कर रही है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 16 June 2026, 3:24 PM IST

New Delhi: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने यस बैंक घोटाले और उससे जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दिल्ली, मुंबई और खंडाला समेत 17 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की है। यह कार्रवाई कथित वित्तीय अनियमितताओं और ऋण हस्तांतरण में गड़बड़ी के मामले में की गई है।

कई कंपनियों और अधिकारियों के ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई

अधिकारियों के अनुसार, ईडी ने सुरक्षा एसेट रिकंस्ट्रक्शन कंपनी लिमिटेड (SARCL), सुरक्षा रियल्टी लिमिटेड, ख्याति रियल्टर्स प्राइवेट लिमिटेड के परिसरों के अलावा इनके प्रमोटरों, निदेशकों और कर्मचारियों के ठिकानों पर भी तलाशी अभियान चलाया। यस बैंक के एक पूर्व कर्मचारी के यहां भी जांच की गई है।

ऋणों के कथित फर्जी हस्तांतरण की जांच

ईडी की जांच वित्त वर्ष 2016-17 और 2017-18 के दौरान मैकस्टार मार्केटिंग प्राइवेट लिमिटेड और अन्य कंपनियों से जुड़े ऋणों के कथित फर्जी हस्तांतरण को लेकर की जा रही है। जांच एजेंसी को शक है कि कुछ एसेट रिकंस्ट्रक्शन कंपनियों और यस बैंक के बीच मिलीभगत कर सर्कुलर लेनदेन किए गए। अधिकारियों का कहना है कि इन लेनदेन के जरिए संकटग्रस्त परिसंपत्तियों पर अनुचित तरीके से नियंत्रण हासिल करने की कोशिश की गई। जांच में यह भी देखा जा रहा है कि कहीं परिसंपत्तियों का जानबूझकर कम मूल्यांकन तो नहीं किया गया।

दस्तावेज और डिजिटल रिकॉर्ड खंगाल रही ईडी

छापेमारी के दौरान ईडी ने कई दस्तावेज, डिजिटल रिकॉर्ड और वित्तीय लेनदेन से जुड़े साक्ष्य जुटाए हैं। एजेंसी अब इन रिकॉर्ड की जांच कर रही है ताकि मनी लॉन्ड्रिंग और वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े तथ्यों का पता लगाया जा सके। सूत्रों के मुताबिक, कुछ मामलों में बढ़ा-चढ़ाकर और कथित रूप से फर्जी दावों के जरिए लाभ लेने की कोशिश की गई थी। इसी पहलू को लेकर ईडी गहराई से जांच कर रही है।

आगे भी हो सकती है कार्रवाई

फिलहाल ईडी की छापेमारी जारी है और एजेंसी की ओर से विस्तृत आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे और कार्रवाई की जा सकती है। यह मामला देश के चर्चित बैंकिंग और वित्तीय मामलों में से एक माना जा रहा है, जिस पर ईडी लगातार नजर बनाए हुए है।

Location :  New Delhi

Published :  16 June 2026, 3:24 PM IST