बंगाल चुनाव से पहले बड़ा ‘एक्शन’: I-PAC कनेक्शन पर ED का बड़ा एक्शन, प्रतीक जैन के परिवार को भेजा समन

बंगाल चुनाव से ठीक पहले ED की बड़ी कार्रवाई ने सियासत में हलचल मचा दी है। I-PAC से जुड़े इस मामले में परिवार तक पहुंची जांच कई नए सवाल खड़े कर रही है। क्या यह सिर्फ आर्थिक अनियमितता है या इसके पीछे कोई बड़ा खेल छिपा है?

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 15 April 2026, 8:27 AM IST

Kolkata: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से ठीक पहले प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई ने सियासी माहौल को गरमा दिया है। I-PAC कंसल्टिंग प्राइवेट लिमिटेड से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में एजेंसी ने कंपनी से जुड़े प्रमुख नाम प्रतीक जैन के परिवार पर शिकंजा कसते हुए उनके भाई पुलकित जैन और पत्नी बार्बी जैन को 15 अप्रैल को दिल्ली स्थित कार्यालय में पेश होने के लिए समन जारी किया है।

क्यों हो रही ये कार्रवाई?

यह कदम 13 अप्रैल 2026 को कंपनी के डायरेक्टर और 33 फीसदी हिस्सेदारी रखने वाले विनेश चंदेल की गिरफ्तारी के बाद उठाया गया। दिल्ली पुलिस की एफआईआर के आधार पर ईडी की मुख्यालय जांच इकाई ने पीएमएलए के तहत यह कार्रवाई तेज की है।

भूपेंद्र यादव ने देवघर में निशिकांत के साथ की आध्यात्मिक चर्चा, राजनीतिक सरगर्मी बढ़ी

गिरफ्तारी के बाद जांच तेज

विनेश चंदेल को दिल्ली की अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 10 दिन की ईडी कस्टडी में भेज दिया गया। एजेंसी का मानना है कि प्रतीक जैन के परिवार के पास इस मामले से जुड़ी अहम जानकारियां हो सकती हैं। इसलिए पूछताछ के जरिए पूरे नेटवर्क को समझने की कोशिश की जा रही है।

50 करोड़ के लेनदेन पर सवाल

अब तक की जांच में करीब 50 करोड़ रुपये की संदिग्ध राशि का खुलासा हुआ है। ईडी के मुताबिक, I-PAC कंसल्टिंग प्राइवेट लिमिटेड को बिना ठोस व्यावसायिक आधार के असुरक्षित लोन और फर्जी बिलिंग के जरिए फंडिंग मिली। इसके अलावा हवाला चैनलों और अंतरराष्ट्रीय ट्रांजेक्शन के जरिए पैसे के लेनदेन के संकेत भी मिले हैं। एजेंसी ने कंपनी के निदेशकों को इन वित्तीय अनियमितताओं के लिए जिम्मेदार ठहराया है और मामले की तह तक जाने के लिए जांच का दायरा बढ़ा दिया है।

“संविधान की रक्षा जरूरी”- अम्बेडकर जयंती पर सपा सांसद आदित्य यादव का बड़ा बयान

सियासी विवाद भी तेज

इस कार्रवाई ने राजनीतिक रंग भी ले लिया है। इससे पहले जब ईडी ने प्रतीक जैन के ठिकानों पर छापेमारी की थी, तब पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी मौके पर पहुंच गई थीं, जिसके चलते तलाशी अभियान को बीच में रोकना पड़ा था। अब चुनाव से पहले की इस कार्रवाई पर टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर इसे राजनीतिक बदले की कार्रवाई बताते हुए केंद्रीय एजेंसियों की टाइमिंग पर निशाना साधा है।

Location :  Kolkata

Published :  15 April 2026, 8:27 AM IST