
डूसू चुनाव 2026 के नतीजे आज (सोर्स- एक्स)
New Delhi: दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (डूसू) चुनाव के नतीजे आज घोषित कर दिए जाएंगे। डीयू के खेल स्टेडियम स्थित मल्टीपर्पज हॉल में वोटों की गिनती का काम पूरी पारदर्शिता के साथ जारी है, जिसकी वीडियोग्राफी भी कराई जा रही है। दोपहर तक यह साफ हो जाएगा कि इस बार डीयू की कमान किसके हाथों में जाएगी और कौन नया छात्रसंघ अध्यक्ष बनेगा।
इस साल डीयू के चुनाव में छात्रों का उत्साह देखने लायक था। कल शाम सात बजे तक आए आंकड़ों के मुताबिक, कुल 39.78 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। अगर पिछले सालों से तुलना करें तो, साल 2025 में 39.45% और साल 2024 में मात्र 29.7% वोट पड़े थे। इस तरह इस बार मतदान में हल्की बढ़ोतरी हुई है। खास बात यह रही कि सीनियर स्टूडेंट्स के मुकाबले पहले साल (फर्स्ट ईयर) में एडमिशन लेने वाले नए छात्रों ने बढ़-चढ़कर लोकतंत्र के इस पर्व में हिस्सा लिया। कुल 1,51,842 छात्र वोट डालने के लिए योग्य थे, जिनके लिए कुल 52 केंद्र और 158 बूथ बनाए गए थे। मॉर्निंग कॉलेजों में सुबह से दोपहर तक और इवनिंग कॉलेजों में दोपहर बाद से शाम तक वोट डाले गए।
DUSU Election Result: डूसू चुनाव की मतगणना शुरू, पहले चरण की गिनती में NSUI आगे
चुनाव को निष्पक्ष और सुचारू रखने के लिए इस बार प्रशासन ने आधुनिक तकनीक के साथ-साथ पारंपरिक तरीका भी अपनाया। विश्वविद्यालय के 10 कॉलेजों में बैलेट पेपर से वोटिंग कराई गई, जिससे किसी भी तकनीकी गड़बड़ी की गुंजाइश न रहे। वहीं बाकी कॉलेजों में ईवीएम का इस्तेमाल किया गया। मुख्य चुनाव अधिकारी प्रो. राज किशोर शर्मा के अनुसार, कुल 1,000 ईवीएम मंगाई गई थीं जिनमें से 960 का इस्तेमाल हुआ और 40 सुरक्षित रखी गई थीं। कामकाज पर नजर रखने के लिए 12 कंट्रोल रूम बनाए गए थे और गनीमत रही कि किसी भी मशीन में खराबी की एक भी शिकायत सामने नहीं आई। मिरांडा हाउस, रामजस, एसआरसीसी और किरोड़ीमल जैसे बड़े कॉलेजों के बाहर छात्रों लंबी कतारें लगी थीं।
चुनावों के दौरान किसी भी तरह की अनहोनी को रोकने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद दिखा। डीयू के दोनों परिसरों में पुलिस और अर्धसैनिक बलों के 2,000 से ज्यादा जवान तैनात किए गए थे। कॉलेजों के बाहर बेरिकेडिंग लगाकर हर छात्र की तलाशी ली गई। इसके अलावा छात्र मार्ग, प्रोबाइन रोड और यूनिवर्सिटी रोड जैसे मुख्य रास्तों पर गाड़ियों की आवाजाही पर पूरी तरह रोक लगा दी गई थी। मतदान के दौरान सिर्फ किरोड़ीमल कॉलेज में एनएसयूआई कार्यकर्ताओं के अंदर जाने को लेकर एबीवीपी ने थोड़ा विरोध जरूर जताया, जिसे सुरक्षा बलों ने तुरंत संभाल लिया। इस एक छोटी सी बात को छोड़कर पूरा मतदान शांति से निपट गया।
DUSU Election: डूसू चुनाव में हंगामे के बीच मतदान, कौन मारेगा बाजी
अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव- इन चार मुख्य पदों के लिए कुल 20 उम्मीदवार मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। मुख्य मुकाबला हमेशा की तरह एबीवीपी, एनएसयूआई और आइसा-एसएफआई गठबंधन के बीच माना जा रहा है।
अध्यक्ष पद के लिए: यश डबास (एबीवीपी), विजय शंकर मीणा (एनएसयूआई), अनन्या रतूड़ी (आइसा-एसएफआई) के साथ-साथ कुछ अन्य उम्मीदवार भी दौड़ में हैं।
अन्य पदों के लिए: उपाध्यक्ष पद से इशू मौर्य और वीर छत्रथ, सचिव पद से रिया छावड़ी और नम्रता चौधरी, तथा संयुक्त सचिव पद से लक्ष्य राज सिंह और गोपाल चौधरी समेत कई चेहरे अपनी जीत का इंतजार कर रहे हैं।
कुछ ही घंटों में यह तस्वीर पूरी तरह साफ हो जाएगी कि छात्र किसे अपना नया नेता चुनते हैं।
Location : New Delhi
Published : 19 September 2026, 8:13 AM IST