
Deoghar: अगर आपकी उम्र 18 साल पूरी हो चुकी है और अभी तक मतदाता सूची में नाम दर्ज नहीं है तो आपके पास वोटर बनने का मौका है। झारखंड के देवघर जिले में नए मतदाताओं को जागरूक करने के लिए 5 नवंबर 2026 को विशेष सोशल मीडिया अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत युवाओं और छात्र-छात्राओं से मतदाता पंजीकरण के लिए आगे आने की अपील की जाएगी। खास बात यह है कि योग्य युवा घर बैठे ECINet App के माध्यम से मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए अंतिम तारीख 15 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है।
देवघर जिले में 5 नवंबर 2026 को दोपहर 12 बजे से अपराह्न 1 बजे तक विशेष सोशल मीडिया अभियान संचालित किया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य उन युवाओं तक पहुंचना है, जिनकी उम्र 18 साल पूरी हो चुकी है, लेकिन अभी तक उनका नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं हुआ है।
इस डिजिटल अभियान में भाग लेने वाले लोगों से #DownloadECINet हैशटैग का इस्तेमाल करने की अपील की गई है। प्रशासन ने खासतौर पर युवाओं और छात्र-छात्राओं से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया है, ताकि कोई भी योग्य नागरिक मतदाता बनने से वंचित न रहे।
5 नवंबर को चलेगा एक घंटे का विशेष अभियान (Source: Dynamite News)
नए मतदाता बनने के इच्छुक युवाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। जिनकी उम्र 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष पूरी हो चुकी है और उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे अपने मोबाइल में ECINet App डाउनलोड कर सकते हैं।
ऐप के माध्यम से फॉर्म-6 और घोषणा पत्र भरकर 15 नवंबर 2026 तक मतदाता पंजीकरण के लिए आवेदन किया जा सकता है। इससे युवाओं को आवेदन के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी। वे मोबाइल के माध्यम से ही पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
इधर, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 को लेकर उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ पांचवीं बैठक आयोजित की गई।
बैठक में बूथ लेवल ऑफिसर (BLO), बूथ लेवल एजेंट (BLA-2) और चुनाव पाठशाला के कार्यों की समीक्षा की गई। इस दौरान मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने, दर्ज विवरण में त्रुटियों को दूर करने और पुनरीक्षण की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने पर चर्चा हुई।
उपायुक्त ने इस कार्य में राजनीतिक दलों की भागीदारी और बूथ स्तर पर बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर जोर दिया। साथ ही योग्य युवाओं को मतदाता सूची से जोड़ने के लिए जागरूकता अभियान को प्रभावी बनाने पर भी चर्चा की गई।
विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत बैठकों की श्रृंखला में बुधवार को पांचवीं बैठक संपन्न हुई। वहीं, इस कार्यक्रम की अगली यानी छठी बैठक 18 नवंबर 2026 को आयोजित की जाएगी। इसमें पुनरीक्षण से जुड़े कार्यों की प्रगति की समीक्षा की जाएगी।
प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक और पारदर्शी बनाना है। ऐसे में जिन युवाओं की उम्र 18 वर्ष पूरी हो चुकी है, लेकिन उनका नाम अभी तक मतदाता सूची में नहीं जुड़ा है, वे 15 नवंबर से पहले फॉर्म-6 भरकर आवेदन कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए निर्वाचन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट और ECINet App का इस्तेमाल करें।
Location : Deoghar
Published : 4 November 2026, 3:09 PM IST