
एसडीपीओ कुलदीप कुमार (Img: Dynamite News)
Deoghar: झारखंड के देवघर में जमीन विवाद में जानलेवा हमले के शिकार शंभू यादव की इलाज के दौरान मौत के बाद गुरुवार को सारवां थाना क्षेत्र में जमकर हंगामा हुआ। पति की मौत से आहत पत्नी का गुस्सा उस वक्त फूट पड़ा, जब ग्रामीणों को समझाने पहुंचे थाना प्रभारी के सामने उसने उनका कॉलर पकड़ लिया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगी। मौके पर मौजूद आक्रोशित ग्रामीणों ने भी पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर विरोध जताया। इस दौरान पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और हाथापाई की स्थिति उत्पन्न हो गई।
घटना सारवां थाना क्षेत्र के सिरसिया गांव की है। जानकारी के अनुसार, गांव में जमीन को लेकर पिछले कुछ दिनों से विवाद चल रहा था। इसी विवाद में राजेश यादव और सुखदेव यादव पर शंभू यादव के साथ जानलेवा हमला करने का आरोप है। हमले में गंभीर रूप से घायल शंभू को पहले अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत नाजुक होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए एम्स रेफर किया गया। यहां करीब दो दिनों तक इलाज चलने के बाद गुरुवार सुबह उनकी मौत हो गई।
सारवां में सड़क जाम (Img: Dynamite News)
शंभू यादव की मौत की खबर गांव पहुंचते ही माहौल तनावपूर्ण हो गया। परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर सारवां-सारठ मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। सड़क जाम के कारण आवागमन भी प्रभावित हुआ।
सड़क जाम की सूचना पर सारवां पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन पति को खो चुकी महिला का आक्रोश शांत नहीं हुआ। वह थाना प्रभारी से सीधे आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगी। इसी दौरान महिला ने थाना प्रभारी का कॉलर पकड़ लिया। मौके पर मौजूद अन्य ग्रामीण भी उग्र हो गए और पुलिस के साथ धक्का-मुक्की की नौबत आ गई। घटना ने पूरे इलाके में तनाव का माहौल पैदा कर दिया।
ग्रामीणों का आरोप है कि जमीन विवाद को लेकर पहले भी पुलिस को जानकारी दी गई थी। मृतक की पत्नी ने भी स्थानीय थाना प्रभारी को संभावित खतरे से अवगत कराया था, लेकिन समय रहते कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस की कथित लापरवाही के कारण ही शंभू यादव की जान चली गई।
इतना ही नहीं, ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि आरोपी पुलिस से मिलीभगत कर उन्हें धमका रहे हैं। उन्हें चेतावनी दी जा रही है कि यदि किसी ने उनके खिलाफ गवाही दी तो उसे भी जान से मार दिया जाएगा। आक्रोशित ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि स्थानीय थाना की पुलिस पर उन्हें भरोसा नहीं है। मौके पर डीएसपी या एसपी स्तर के अधिकारी पहुंचकर आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दें। उनकी मांग है कि आश्वासन के साथ ही दोनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए।
पुलिस से धक्का-मुक्की (Img: Dynamite News)
मामले में एसडीपीओ कुलदीप कुमार ने बताया कि शुरुआत में पुलिस को शंभू यादव की दुर्घटना में मौत होने की सूचना मिली थी। हालांकि, बाद में जमीन विवाद के दौरान मारपीट और हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
इस संदर्भ में सारवां थाना प्रभारी से उनका पक्ष जानने के लिए टेलीफोनिक संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने और सड़क जाम हटवाने के प्रयास में जुटा रहा। वहीं, एक परिवार ने जमीन विवाद में अपना सदस्य खो दिया और अब उसकी पत्नी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस के सामने न्याय की गुहार लगा रही है।
Location : Deoghar
Published : 21 November 2026, 12:13 PM IST
Topics : Deoghar News Jharkhand News land dispute murder Deoghar Sarwan Sarath road jam Shambhu Yadav death