
दोहरे हत्याकांड का मामला (Img: Dynamite News)
Deoghar: देवघर जिले के सोनारायठाड़ी थाना क्षेत्र के नावाडीह महापुर पंचायत स्थित हेठ नावाडीह गांव में सोमवार देर रात हुए दोहरे हत्याकांड ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया। अज्ञात अपराधियों ने घर में घुसकर एक महिला और उसके 14 वर्षीय बेटे की धारदार हथियार से हत्या कर दी। वारदात के बाद गांव में दहशत का माहौल है। सुबह जैसे ही लोगों को घटना की जानकारी मिली, बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
जानकारी के अनुसार घटना सोमवार देर रात करीब 1:30 बजे की बताई जा रही है। अपराधियों ने उस समय वारदात को अंजाम दिया, जब घर के लोग नींद में थे। मंगलवार सुबह घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए आसपास के कई थानों की पुलिस को भी घटनास्थल पर बुलाया गया।
इस हत्याकांड की सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि करीब तीन वर्ष पहले इसी परिवार के मुखिया की भी विवाद के दौरान धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी। अब उसी परिवार में फिर मां और बेटे की हत्या ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या यह पुरानी रंजिश का नतीजा है? क्या पहले हुए हत्याकांड और इस वारदात के बीच कोई कड़ी है? पुलिस इन सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही देवघर के पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और जांच की जानकारी ली। उन्होंने पुलिस टीम को हर पहलू पर गहनता से जांच करने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पुलिस पुराने केस की फाइलों को भी खंगाल रही है, ताकि इस वारदात के पीछे की असली वजह सामने आ सके।
रायबरेली के सलोन इलाके में भारी बवाल, तनाव के बीच आक्रोशित लोगों ने लगाया जाम
फिलहाल हत्या के पीछे की वजह का आधिकारिक खुलासा नहीं किया गया है। पुलिस पारिवारिक विवाद, पुरानी रंजिश, जमीन या अन्य विवादों के एंगल से जांच आगे बढ़ा रही है। आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। गांव में तनाव और भय का माहौल देखते हुए पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है।
Location : Deoghar
Published : 30 June 2026, 1:04 PM IST