दिल्ली के सुखदेव विहार में रफ्तार का कहर: 100 की स्पीड में दौड़ रही कार ने ऑटो को रौंदा, चालक की दर्दनाक मौत

दिल्ली के सुखदेव विहार मेट्रो स्टेशन के पास शनिवार सुबह तेज रफ्तार कार ने यूटर्न ले रहे ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में 45 वर्षीय ऑटो चालक मो. कलाम की मौत हो गई, जबकि एक रिक्शा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 27 September 2026, 9:40 AM IST

New Delhi: राजधानी दिल्ली में तेज रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। दक्षिणी दिल्ली के सरिता विहार में डंपर की टक्कर से हुई चार मौतों का गम लोग भूले भी नहीं थे कि एक हफ्ते के भीतर दक्षिण दिल्ली में एक और दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। मोदी मिल फ्लाईओवर से जामिया जाने वाले मार्ग पर सुखदेव विहार मेट्रो स्टेशन के पास रविवार सुबह करीब सात बजे एक तेज रफ्तार कार ने यूटर्न ले रहे ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में 45 वर्षीय ऑटो चालक की मौत हो गई, जबकि एक रिक्शा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।

सौ की स्पीड में रेस लगा रही थीं दो कारें

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, यह हादसा शनिवार सुबह करीब सात बजे हुआ। मोदी मिल फ्लाईओवर की ओर से दो कारें आपस में रेस लगाते हुए आ रही थीं, जिनकी रफ्तार 100 किलोमीटर प्रतिघंटे से भी ज्यादा थी। सुखदेव विहार मेट्रो स्टेशन लाल बत्ती पर एक कार ने यूटर्न ले रहे ऑटो को बगल से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो का अगला पहिया टूटकर अलग हो गया और उसकी छत तथा लोहे का पूरा फ्रेम मुड़ गया।

World Tourism Day: दिल्ली के स्मारकों में आज फ्री एंट्री, ऐतिहासिक गलियों और बाजारों की अनकही कहानियों को जानने का बेहतरीन मौका

ऑटो को टक्कर मारने के बाद अनियंत्रित कार किनारे खड़े एक रिक्शे से जा भिड़ी और फिर सीधे पुलिस बैरिकेड से टकराई। इस टक्कर से बैरिकेड हवा में उछलकर करीब 10 मीटर दूर एक चाय की दुकान के पास जा गिरा। वहीं, दुर्घटनाग्रस्त कार का अगला बंपर, बोनट और इंजन का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद रेस लगा रही दूसरी कार थोड़ा आगे जाकर रुकी। दुर्घटनाग्रस्त कार के एयरबैग खुलने के कारण उसमें सवार चारों लड़के सुरक्षित बच गए और तुरंत दूसरी गाड़ी में बैठकर मौके से फरार हो गए।

ऑटो चालक की मौत, रिक्शा चालक गंभीर रूप से घायल

इस सड़क दुर्घटना में ऑटो चालक मो. कलाम की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, पास ही रहने वाला रिक्शा चालक मोहम्मद बबलू गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके सिर में गहरी चोट आई है और पैर में फ्रैक्चर हुआ है। पुलिस ने उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और क्राइम टीम मौके पर पहुंची। क्राइम टीम ने घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए हैं। न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी थाना पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है और दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है। पुलिस फरार आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरो के फुटेज खंगाल रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, दुर्घटना में शामिल कार (डीएल 9 सीबीएन 7089) पश्चिमी दिल्ली के नासिरपुर निवासी दिवेश तंवर के नाम पर पंजीकृत है, जिसे 14 अगस्त को ही खरीदा गया था।

Delhi Pollution: सर्दियों में सांस की दिक्कत से पहले दिल्ली में बड़ी तैयारी, जानिए क्या है प्लान

बिहार के अररिया का रहने वाला था मृतक चालक

मृतक मो. कलाम मूल रूप से बिहार के अररिया जिले के कैफ टोला (वार्ड नंबर 11) के रहने वाले थे। वह दिल्ली के न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी स्थित खिजराबाद में किराए के मकान में रहकर ऑटो चलाते थे। उनके परिवार में पत्नी रुखसाना और चार बेटियां हैं। उनकी सबसे बड़ी बेटी 20 वर्ष की है, जिसकी हाल ही में शादी हुई थी, जबकि सबसे छोटी बेटी 10 वर्ष की है। सूचना मिलने पर उनका छोटा भाई सद्दाम भी मौके पर पहुंच गया, जो दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करता है। इस हादसे ने एक हंसते-खेते परिवार को पूरी तरह उजाड़ कर रख दिया है।

Location :  New Delhi

Published :  27 September 2026, 9:40 AM IST