
शीला दीक्षित के वक्त चीफ सेक्रेटरी रहे राकेश मेहता ने की आत्महत्या
New Delhi: पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के कार्यकाल के समय मुख्य सचिव रहे राकेश मेहता (74) ने 6 सितंबर को नोएडा स्थित अपने आवास पर आत्महत्या कर ली। उनका शव पंखे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। इसमें राकेश मेहता की मानसिक और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को लेकर काफी विस्तृत जानकारी मिलने की बात सामने आई है।
जानकारी के अनुसार जिस समय राकेश मेहता ने यह कदम उठाया, उस वक्त वह घर में अकेले थे। उनकी पत्नी सुमंती मेहता अपने छोटे बेटे से मिलने देहरादून गई हुई थीं। वह 1975 बैच के आईएएस अधिकारी थे।
राकेश मेहता पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के कार्यकाल में तीन साल से ज्यादा समय तक दिल्ली के मुख्य सचिव रहे थे। उन्होंने 2007 में दिल्ली के मुख्य सचिव का पद संभाला था। इसके बाद नवंबर 2010 में वह सेवानिवृत्त हो गए। साल 2010 में दिल्ली में कॉमनवेल्थ गेम्स का आयोजन हुआ था और उस दौरान राकेश मेहता की अहम जिम्मेदारी थी। वह 2007 से 2010 तक दिल्ली के मुख्य सचिव रहे।
अपनी सर्विस के दौरान राकेश मेहता ने दिल्ली सरकार में कई अहम पदों पर काम किया। दिल्ली में ब्लू लाइन बसें हटाने और लो फ्लोर बसें लाने की योजना में उनका अहम रोल माना जाता है। वह दिल्ली नगर निगम के कमिश्नर भी रहे।
उन्हें दिल्ली में कई प्रमुख परिवहन, बिजली और नागरिक बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को लागू करने का श्रेय दिया जाता है। पूर्व सहयोगियों के अनुसार, राकेश मेहता ने दिल्ली सरकार में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दी थीं
राकेश मेहता की मौत के मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि आखिर किन वजहों से वह परेशान थे और सुसाइड नोट में उन्होंने किन मानसिक और स्वास्थ्य संबंधी चिंताओं का जिक्र किया है।
पुलिस ने बताया कि 6 सितंबर को डायल-112 पर सूचना मिलने के बाद थाना फेस-2 पुलिस मौके पर पहुंची। फ्लैट का दरवाजा अंदर से बंद था तो गेट तोड़कर पुलिस टीम अंदर दाखिल हुई और शव को बाहर निकाला। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया।
दिल्ली हादसे में चंदौली के अभिषेक की मौत, आखिरी फैसले ने जीत लिया सबका दिल
अधिकारियों ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि नोएडा पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। इस नोट में पूर्व मुख्य सचिव ने मानसिक और स्वास्थ्य समस्याओं का हवाला देते हुए ये आत्मघाती कदम उठाने की बात कही है। उन्होंने बताया कि 6 सितंबर को नोएडा के सेक्टर 82 स्थित उनके घर पर उनका शव छत के पंखे से लटका हुआ मिला।
Location : New Delhi
Published : 9 September 2026, 5:30 AM IST