
एसीपी विवेक भगत को मिला प्रमोशन
New Delhi: राष्ट्रीय राजधानी में मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर एक महिला पत्रकार का यौन उत्पीड़न करने के आरोपी दिल्ली पुलिस के सहायक आयुक्त (एसीपी) विवेक भगत को सोमवार को 11 अन्य अधिकारियों के साथ अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त के पद पर पदोन्नत किया गया। एक आधिकारिक आदेश में यह जानकारी दी गई।
तीन महिला पत्रकारों ने बीते शनिवार को जंतर-मंतर पर निर्वाचन आयोग के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस के अधिकारियों पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है। पुलिस ने बताया कि उसे इस बाबत शिकायतें मिली हैं जिन्हें आगे की जांच के लिए अपराध शाखा को भेज दिया गया है।
आधिकारिक आदेश के अनुसार, प्रमोशन पाने वाले अधिकारियों में डॉ. विकास श्योकंद, ए वेंकटेश, गुरसेवक सिंह, रेनू लता, विदुषी कौशिक, मनु हिमांशु, सकारिया मिहिर प्रवीणभाई, गरिमा तिवारी, विवेक भगत, आशीष कुमार, मनीष लाडला और रोहित गुप्ता शामिल हैं।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि विवेक भगत समेत अधिकारियों की पदोन्नति नियमित प्रक्रिया के तहत हुई है। अधिकारी के मुताबिक, प्रमोशन के लिए अनुरोध काफी पहले भेजा गया था यानी यह फैसला हाल में सामने आए आरोपों के बाद लिया गया फैसला नहीं बताया गया है।
PTI के मुताबिक, बीते शनिवार को जंतर-मंतर पर निर्वाचन आयोग के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान तीन महिला पत्रकारों ने दिल्ली पुलिस के अधिकारियों पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए थे। इन आरोपों के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया और कई स्वतंत्र पत्रकारों ने आरोपी अधिकारियों के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की।
विवेक भगत को प्रमोशन दिए जाने की खबर ऐसे समय में सामने आई है, जब उनके खिलाफ लगे आरोपों की जांच क्राइम ब्रांच कर रही है. ऐसे में प्रमोशन की टाइमिंग को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है हालांकि, पुलिस अधिकारी के मुताबिक यह पदोन्नति पहले से चल रही नियमित प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा है।
Location : New Delhi
Published : 5 October 2026, 11:53 PM IST