
लू का असर (Img: Google)
New Delhi: अगर आप अगले कुछ दिनों में बाहर निकलने की सोच रहे हैं तो जरा संभल जाइए, क्योंकि मौसम अब खतरनाक मोड़ लेने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने साफ चेतावनी दी है कि आने वाले 5 दिनों तक उत्तर भारत समेत कई इलाकों में लू का जबरदस्त असर देखने को मिलेगा। तापमान लगातार बढ़ रहा है और कई शहरों में पारा 40 डिग्री के पार जा चुका है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है, क्योंकि यह गर्मी अब सिर्फ असहज नहीं बल्कि खतरनाक साबित हो सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक राजधानी दिल्ली में तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। यहां 22 से 24 अप्रैल तक अलग-अलग इलाकों में लू का अलर्ट जारी किया गया है। हरियाणा में भी गर्म हवाओं के साथ-साथ गर्म रातों की चेतावनी दी गई है, जिससे लोगों को दिन के साथ रात में भी राहत नहीं मिलेगी।
IMD के अनुसार पंजाब और हरियाणा में अगले चार दिनों तक लू चलने की संभावना है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में अगले पांच दिनों तक इसका असर बना रहेगा। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी लू की शुरुआत होने की बात कही गई है। इसके अलावा मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी गर्म हवाओं का असर देखने को मिलेगा, जिससे स्थिति और गंभीर हो सकती है।
Weather Update: दिल्ली, UP और बिहार के लिए हीटवेव अलर्ट, जानिये आज के मौसम का हाल
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार विदर्भ, मराठवाड़ा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान 40 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है। खास बात यह है कि प्रयागराज में सबसे अधिक तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो लोगों के लिए चिंता का विषय बन गया है।
जहां एक तरफ उत्तर भारत गर्मी से झुलस रहा है, वहीं दक्षिण भारत के तटीय इलाकों में उमस भरा मौसम बना रहेगा। दूसरी ओर अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट भी घोषित किया गया है।
मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने, ज्यादा पानी पीने और खुद को धूप से सुरक्षित रखने की सलाह दी है। खासकर बुजुर्गों और बच्चों को अतिरिक्त सावधानी बरतने को कहा गया है, क्योंकि लू का असर उनके लिए ज्यादा खतरनाक हो सकता है।
Location : Delhi
Published : 21 April 2026, 7:33 PM IST