
प्रतीकात्मक छवि (Img- Pinterest)
New Delhi: दिल्ली-मुंबई 8-लेन एक्सप्रेस-वे के पहुंच मार्ग (कनेक्टिंग रोड) पर रफ्तार का जानलेवा खेल एक बार फिर मासूम की जान ले बैठा। थांदला के पास तेज रफ्तार ट्रक और पिकअप वाहन के बीच हुई आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत इतनी भयानक थी कि टक्कर होते ही दोनों गाड़ियों ने आग पकड़ ली। पिकअप चालक को गाड़ी से बाहर निकलने तक का मौका नहीं मिला और वह देखते ही देखते जिंदा जल गया।
हादसे में जान गंवाने वाले पिकअप चालक की पहचान मियाटी निवासी तेरु खिमा भाबर के रूप में हुई है। तेरु देर रात अपना पिकअप वाहन लेकर जा रहे थे कि तभी सामने से आ रहे अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें सीधी टक्कर मार दी।
भिड़ंत के तुरंत बाद दोनों वाहनों से आग की लपटें उठने लगीं और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। पिकअप चालक के केबिन में बुरी तरह फंस जाने की वजह से जब तक लोग मदद के लिए पहुंचते, तब तक उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
दिल्ली में भीषण सड़क हादसा, AAP और BJP विधायक समेत 7 लोग घायल, मची अफरातफरी
भीषण धमाके और आग की लपटों को देखकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके की तरफ भागे। हादसे के बाद ट्रक चालक डर के मारे अपनी जलती हुई गाड़ी को मौके पर ही छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया और यातायात को सुचारु कराया। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है।
इस दर्दनाक हादसे ने एक्सप्रेस-वे के पहुंच मार्गों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि मुख्य 8-लेन एक्सप्रेस-वे से जुड़ने वाली सड़कें काफी संकरी हैं, लेकिन भारी वाहनों की आवाजाही और तेज रफ्तार के कारण ये आए दिन 'डेथ ट्रैप' साबित हो रही हैं। अगर जल्द ही इन पहुंच मार्गों की चौड़ाई बढ़ाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए, तो आगे भी ऐसे बड़े हादसे होते रहेंगे।
Location : New Delhi
Published : 29 August 2026, 11:50 AM IST