हिंदी
दिल्ली के आली विहार डबल मर्डर केस में पुलिस ने आरोपी पड़ोसी को गिरफ्तार कर लिया है। रिश्तों, विवाद और गुस्से में की गई इस खौफनाक वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया है।
इसी घर में हुआ था मर्डर
New Delhi: राजधानी की शांत गलियों में छिपा एक खौफनाक सच आखिरकार बेनकाब हो गया। दिल्ली के सरिता विहार क्षेत्र के आली विहार इलाके में सामने आए डबल मर्डर केस ने पूरे इलाके को दहला दिया था। एक घर के बेड बॉक्स से मां और उसकी मासूम बेटी की लाश मिलना किसी डरावनी फिल्मी सीन से कम नहीं था। अब इस सनसनीखेज वारदात के चार-पांच दिन बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जो उसी बिल्डिंग में रहने वाला पड़ोसी निकला।
घर के अंदर मिला मौत का मंजर
मृतका की पहचान 35 वर्षीय ज्योति और उसकी 6 साल की बेटी के रूप में हुई थी। ज्योति अपने पति सुदर्शन के साथ आली विहार के एक मकान की तीसरी मंजिल पर रहती थी। 20 फरवरी की शाम जब सुदर्शन घर लौटे तो पत्नी और बेटी दोनों गायब थी और कमरा बिखरा हुआ था। शक होने पर जब बेड बॉक्स खोला गया तो अंदर मां-बेटी की लाश देख सबके होश उड़ गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई। शुरुआती जांच में गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई गई और फॉरेंसिक टीम ने मौके से अहम सबूत जुटाए।
जांच में खुली आरोपी की पहचान
जांच के दौरान पुलिस को बिल्डिंग में रहने वाले 35 वर्षीय दीनदयाल पर शक हुआ, जो रिश्ते में मृतका का भांजा बताया जा रहा था। घटना के बाद से उसका मोबाइल बंद था और वह फरार था, जिससे शक और गहरा गया। कई जगह छापेमारी के बाद पुलिस को अहम सुराग मिले और तकनीकी सर्विलांस के जरिए उसकी लोकेशन ट्रैक की गई।
रिश्ते, विवाद और खौफनाक वारदात
सूत्रों के मुताबिक, आरोपी दीनदयाल पेशे से अकाउंटेंट है और मृतका के साथ उसके करीबी संबंध थे। दोनों के बीच रिश्तों को लेकर अक्सर विवाद होता था। महिला के कथित तौर पर ज्यादा पजेसिव व्यवहार से वह परेशान था। इसी गुस्से में आकर उसने पहले महिला की हत्या की और फिर मासूम बच्ची को भी मार डाला। इसके बाद दोनों शवों को बेड बॉक्स में छिपाकर वह फरार हो गया।
हरिद्वार से दरभंगा तक भागता रहा आरोपी
हत्या के बाद आरोपी पहले हरिद्वार गया, जहां वह करीब 2 दिन तक छिपा रहा। इसके बाद वह अपने पैतृक गांव दरभंगा पहुंच गया, ताकि पुलिस की पकड़ से बच सके। आखिरकार पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है और अब उसे दिल्ली लाकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं और यह भी जांच जारी है कि हत्या की साजिश पहले से रची गई थी या यह अचानक लिया गया खौफनाक फैसला था।