Delhi Metro से जुड़ी बड़ी खबर: चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन के मद्देनजर शनिवार-रविवार को बंद रह सकते हैं 57 मेट्रो स्टेशन

चुनाव आयोग के खिलाफ जारी विरोध प्रदर्शन के चलते दिल्ली में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। इसके मद्देनजर शनिवार-रविवार को 57 मेट्रो स्टेशनों के गेट बंद रहने पूरी संभावना जताई गई है। यात्रा से पहले ताजा अपडेट जरूर जांच लें।

Post Published By: सौम्या सिंह
Updated : 9 October 2026, 10:36 AM IST

New Delhi: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में राजनीतिक सरगर्मी एक बार फिर तेज हो गई है। निर्वाचन आयोग के खिलाफ विपक्षी दलों द्वारा प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन और जंतर-मंतर पर होने वाले आयोजनों को लेकर सुरक्षा एजेंसियों ने पूरी तरह से कमर कस ली है। इस हाई-प्रोफाइल विरोध प्रदर्शन और सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर आने वाले शनिवार और रविवार को दिल्ली के 57 मेट्रो स्टेशनों के प्रभावित होने की पूरी आशंका जताई जा रही है। पुलिस और प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एहतियातन यह कदम उठाए जाने की संभावना है।

सुरक्षा एजेंसियों की कड़ी नजर और पुलिस का पत्र

दिल्ली पुलिस के संयुक्त पुलिस आयुक्त (परिवहन रेंज) के कार्यालय से सामने आए एक आधिकारिक पत्र के मुताबिक, 10 अक्टूबर 2026 को नई दिल्ली जिले के जंतर-मंतर और अन्य संवेदनशील ठिकानों पर बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन प्रस्तावित हैं। खुफिया और सुरक्षा इनपुट के अनुसार, भीड़ के अनियंत्रित होकर संवेदनशील इलाकों की ओर बढ़ने की आशंका बनी हुई है। इसी अप्रत्याशित स्थिति से निपटने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। हालांकि, इन आदेशों में यह स्पष्ट किया गया है कि हालात और भीड़ के रुख को देखते हुए ही अंतिम और त्वरित कदम उठाए जाएंगे।

CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग पर अड़ा इंडी गठबंधन, आज राष्ट्रपति भवन तक निकालेगा मार्च

किन स्टेशनों पर पड़ सकता है असर?

प्रस्तावित सुरक्षा व्यवस्था के तहत राजधानी के कई प्रमुख और व्यस्त ट्रांजिट हब इस पाबंदियों के दायरे में आ सकते हैं। अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात 9:00 बजे से लेकर स्थिति सामान्य होने तक इन स्टेशनों पर ट्रेनों की आवाजाही की नियमितता घटाई जा सकती है और इनके प्रवेश तथा निकास द्वार एहतियातन बंद रखे जा सकते हैं-

केंद्रीय और अति-संवेदनशील क्षेत्र: राजीव चौक, पटेल चौक, जनपथ, केंद्रीय सचिवालय, लोक कल्याण मार्ग, उद्योग भवन (सेवा तीर्थ), नई दिल्ली, मंडी हाउस, बाराखंबा रोड, और खान मार्केट।

प्रमुख चौक और व्यावसायिक केंद्र: आर के आश्रम मार्ग, झंडेवालान, करोल बाग, राजेंद्र प्लेस, चावड़ी बाजार, और कश्मीरी गेट।

धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थल: जामा मस्जिद, सुप्रीम कोर्ट, प्रगति मैदान (इंद्रप्रस्थ), और आईटीओ।

दक्षिणी और पूर्वी दिल्ली के मुख्य मार्ग: आईएनए (दोनों मेट्रो लाइनें), हौज खास, जोर बाग, अर्जनगढ़, सराय काले खां-निजामुद्दीन, लाजपत नगर, जंगपुरा, आश्रम, कलंदी कुंज, जामिया मिल्लिया इस्लामिया, ओखला विहार, सीलमपुर, मौजपुर, जाफराबाद, वेलकम, यमुना विहार, और शाहदरा।

उत्तरी और बाहरी दिल्ली के अन्य रूट: विश्वविद्यालय, विधानसभा, सिविल लाइंस, इंदरलोक, जी टी बी  नगर, कन्हैया नगर, नेताजी सुभाष पैलेस, आजादपुर, आदर्श नगर, जहांगीरपुरी, और रिठाला समेत कई अन्य स्टेशन।

दिल्ली में 2 दिन हो सकते हैं बड़े प्रदर्शन! कई प्रतिष्ठान रहेंगे बंद, सरकारी विभागों ने जारी किए निर्देश

यात्रियों के लिए जरूरी सलाह

प्रशासन और सुरक्षा महकमे ने साफ किया है कि इन स्टेशनों के बंद रहने या उनके गेट सील किए जाने को लेकर कोई अंतिम और पूर्ण पुष्टि नहीं है, बल्कि यह पूरी तरह से जमीनी हालात और भीड़ के दबाव पर निर्भर करेगा। यदि आप इस शनिवार या रविवार को दिल्ली मेट्रो से सफर करने की योजना बना रहे हैं, तो घर से निकलने से पहले अपनी रूट की पूरी जानकारी जरूर जांच लें। पुलिस और मेट्रो प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे किसी भी असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का चयन करें और सुरक्षा बलों के दिशानिर्देशों का पूरा पालन करें।

Location :  New Delhi

Published :  9 October 2026, 10:30 AM IST