
Delhi Air Pollution (Image: Pinterest))
दिल्ली की हवा में पिछले तीन दिनों के दौरान मामूली सुधार जरूर दर्ज किया गया है, लेकिन प्रदूषण का स्तर अब भी चिंताजनक बना हुआ है। शनिवार को राजधानी का औसत AQI 265 दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी में आता है। इससे पहले 19 नवंबर को AQI 280 था, जो 20 नवंबर को घटकर 270 और शनिवार को 265 पर पहुंच गया। हालांकि, यह राहत ज्यादा दिनों तक टिकती नजर नहीं आ रही है।
दिल्ली के 56 वायु गुणवत्ता निगरानी स्टेशनों में से 32 पर AQI खराब श्रेणी में दर्ज किया गया। वहीं, 16 स्टेशन ऐसे रहे जहां हवा बेहद खराब श्रेणी में थी। सात स्टेशन मध्यम श्रेणी में और एक स्टेशन पर वायु गुणवत्ता संतोषजनक दर्ज की गई।
राजधानी के अलग-अलग इलाकों में प्रदूषण का स्तर भी काफी अलग रहा। दिल्ली तकनीकी विश्वविद्यालय (DTU) में सबसे ज्यादा AQI 362 दर्ज किया गया, जो बेहद खराब श्रेणी में आता है। इसके उलट दिल्ली छावनी क्षेत्र में AQI महज 80 रहा, जो संतोषजनक श्रेणी में है। इससे साफ है कि राजधानी के कुछ इलाकों में प्रदूषण का असर दूसरे क्षेत्रों के मुकाबले कहीं ज्यादा है।
वायु गुणवत्ता प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली के वास्तविक समय के स्रोत निर्धारण अनुमानों के मुताबिक, शनिवार को दिल्ली में PM2.5 प्रदूषण में सबसे बड़ा योगदान वाहनों से होने वाले उत्सर्जन का रहा। इसकी हिस्सेदारी करीब 33.1 प्रतिशत दर्ज की गई। इसके बाद कार्बनिक एरोसोल का योगदान 16.5 प्रतिशत रहा।
दिल्ली में अगले 6 दिन सांस लेना होगा मुश्किल (Image: Pinterest)
वहीं, पराली, लकड़ी और उपले जैसे घरेलू ठोस जैव ईंधन के जलने से 13.9 प्रतिशत प्रदूषण हुआ। कचरा जलाने की हिस्सेदारी भी 9.5 प्रतिशत दर्ज की गई। आंकड़ों से पता चलता है कि वाहनों से निकलने वाला धुआं राजधानी की हवा को प्रदूषित करने वाले प्रमुख कारणों में शामिल है।
वायु गुणवत्ता प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली के पूर्वानुमान के अनुसार, रविवार को भी दिल्ली की हवा खराब श्रेणी में रहने की संभावना है। हालांकि, अगले छह दिनों में इसके बेहद खराब श्रेणी में पहुंचने का अनुमान है। ऐसे में विशेषज्ञों ने बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है।
लोगों को सलाह दी गई है कि बहुत जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकलें। बाहर जाते समय मास्क का इस्तेमाल करें और प्रदूषण के संपर्क में आने से बचने की कोशिश करें। खासकर बच्चों और बुजुर्गों को खुले में ज्यादा समय बिताने से बचाना जरूरी है।
प्रदूषण के बीच राजधानी के तापमान की बात करें तो शनिवार को अधिकतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.2 डिग्री कम रहा। वहीं, सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 12.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.1 डिग्री कम है। फिलहाल दिल्लीवासियों के लिए आने वाले छह दिन प्रदूषण के लिहाज से चुनौतीपूर्ण रहने वाले हैं।
Location : New Delhi
Published : 22 November 2026, 11:06 AM IST