दिल्ली में 16-20 फरवरी 2026 तक AI समिट के कारण विशेष ट्रैफिक प्लान लागू। भारत मंडपम और लुटियंस दिल्ली के आसपास डायवर्जन, 34 स्कूल प्रभावित। जानें किन सड़कों पर रहेगा असर और वैकल्पिक मार्ग।

ट्रैफिक डायवर्जन (Img Source: Google)
New Delhi: राजधानी दिल्ली में 16 से 20 फरवरी तक होने जा रहे एआई समिट को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। कार्यक्रम स्थल भारत मंडपम और लुटियंस दिल्ली के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। वीवीआईपी आवाजाही को देखते हुए दिल्ली पुलिस और दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया है। कई प्रमुख सड़कों पर डायवर्जन और आंशिक पाबंदियां रहेंगी।
भारत मंडपम के आसपास लगभग 5 किलोमीटर के दायरे में 34 स्कूल स्थित हैं। ट्रैफिक प्लान का असर इन सभी पर पड़ सकता है। ट्रैफिक पुलिस के अतिरिक्त आयुक्त दिनेश कुमार गुप्ता के मुताबिक, बच्चों की आवाजाही सुचारु रहे, इसके लिए शिक्षा विभाग और ट्रैफिक पुलिस की ओर से नोडल अधिकारी तैनात किए जाएंगे।
इनमें से 10 स्कूल बोर्ड परीक्षा केंद्र हैं, जहां करीब 2,943 छात्र परीक्षा देने पहुंचेंगे। कुछ परीक्षा केंद्र वीवीआईपी रूट के बेहद करीब हैं, जिससे वहां ट्रैफिक दबाव अधिक रहने की संभावना है। प्रशासन ने छात्रों को समय से पहले निकलने की सलाह दी है।
शिक्षा निदेशालय ने सभी प्रभावित स्कूलों को एडवाइजरी जारी की है। जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक व्यवस्था और ऑनलाइन कक्षाओं का विकल्प अपनाने पर विचार किया जा सकता है। हालांकि परीक्षा केंद्रों पर ऑफलाइन व्यवस्था जारी रहेगी।
समिट में शामिल होने के लिए देश-विदेश से प्रतिनिधि दिल्ली पहुंचेंगे। उनके ठहरने के लिए कई प्रमुख होटल बुक किए गए हैं, जिनमें The Oberoi, New Delhi, Taj Mahal, New Delhi, The Claridges, New Delhi, Le Meridien New Delhi, ITC Maurya, New Delhi और Hotel Ashok, New Delhi शामिल हैं। इन इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा और ट्रैफिक नियंत्रण रहेगा।
मथुरा रोड पर चिड़ियाघर से तिलक मार्ग के बीच यातायात प्रभावित हो सकता है। यहां से गुजरने वाले लोग सराय काले खां और रिंग रोड का उपयोग कर सकते हैं। सुब्रमण्यम भारती मार्ग, भैरों मार्ग और राजेश पायलट मार्ग पर भी डायवर्जन लागू रहेंगे।
लुटियंस दिल्ली की कई अहम सड़कों जैसे अकबर रोड, जनपथ, शांति पथ, सरदार पटेल मार्ग, सी-हेक्सागन और एपीजे अब्दुल कलाम रोड पर ट्रैफिक दबाव बढ़ सकता है। वैकल्पिक मार्गों में तालकटोरा रोड, टॉलस्टॉय मार्ग, लोधी रोड और बहादुर शाह जफर मार्ग का इस्तेमाल किया जा सकता है।
ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रैफिक अपडेट जरूर जांच लें। संभव हो तो मेट्रो और अन्य सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें। परीक्षा देने वाले छात्र और कार्यालय जाने वाले लोग समय से पहले घर से निकलें। चार दिनों तक राजधानी के इस हिस्से में ट्रैफिक व्यवस्था बदली रहेगी, लेकिन प्रशासन का दावा है कि समन्वय के जरिए आम नागरिकों को न्यूनतम परेशानी हो, इसका पूरा ध्यान रखा जाएगा।