
चक्रवात अकवान का बड़ा खतरा (Image Source: X)
New Delhi: बंगाल की खाड़ी में बना भीषण चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ भारत के पूर्वी तट की ओर बढ़ रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, इसके 20 नवंबर की दोपहर तक उत्तरी आंध्र प्रदेश, यनम और दक्षिणी ओडिशा के तटों को पार करने की संभावना है। इस दौरान हवा की अधिकतम गति 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है, जबकि झोंकों के साथ इसकी रफ्तार 110 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने का अनुमान है।
मौसम विभाग के बुलेटिन के मुताबिक, पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना यह भीषण चक्रवाती तूफान पिछले छह घंटों के दौरान 18 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से उत्तर की ओर बढ़ा। 19 नवंबर 2026 को रात साढ़े आठ बजे यह 16.6 डिग्री उत्तर अक्षांश और 85.2 डिग्री पूर्व देशांतर के पास स्थित था।
पहले उठीं आग की लपटें, फिर हुआ जोरदार धमाका; मां और दो बेटियों की मौत से गांव में पसरा मातम
उस समय यह आंध्र प्रदेश के कलिंगपट्टनम से करीब 220 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिणपूर्व, ओडिशा के गोपालपुर से 300 किलोमीटर दक्षिण, आंध्र प्रदेश के नरसपुर से 370 किलोमीटर पूर्व और ओडिशा के पुरी से 360 किलोमीटर दक्षिण में था। चेन्नई से इसकी दूरी करीब 670 किलोमीटर उत्तर-पूर्व थी। इसके नरसपुर और पुरी के बीच, गोपालपुर के पूर्व के पास से गुजरने की संभावना जताई गई है। लैंडफॉल से पहले इसके कमजोर पड़ने का भी अनुमान है।
चक्रवात के खतरे को देखते हुए ओडिशा सरकार ने बचाव और राहत की तैयारियां तेज कर दी हैं। राज्य में अब तक करीब 72 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों और राहत शिविरों में पहुंचाया जा चुका है। मुख्य सचिव अनु गर्ग ने बताया कि सरकार पिछले कई दिनों से चक्रवात की स्थिति पर नजर रख रही है। पहले तूफान का रुख किसी दूसरी दिशा में था, लेकिन बुधवार से इसने अपना रास्ता बदलकर ओडिशा की ओर बढ़ना शुरू कर दिया।
IMD ने केंद्रापड़ा, कंधमाल, जगतसिंहपुर, गजपति, गंजाम और पुरी सहित छह जिलों में अत्यधिक भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है। दक्षिणी और तटीय ओडिशा के कई अन्य जिलों तथा मयूरभंज में भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मुख्य सचिव के मुताबिक, प्रशासन ने राज्य में 4,243 संवेदनशील स्थानों की पहचान की है।
Bageshwar Dham: छह साल में देश के हर जिले तक पहुंचेगी कथा, धीरेंद्र शास्त्री ने लिया बड़ा संकल्प
आंध्र प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार, चक्रवात का मुख्य असर उत्तरी आंध्र प्रदेश में पड़ने की संभावना है। मध्य और दक्षिणी आंध्र प्रदेश में इसका खास असर होने की उम्मीद नहीं है। गुरुवार को उत्तरी तटीय जिलों में मध्यम से भारी बारिश और कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है। श्रीकाकुलम, विजयनगरम, विशाखापत्तनम, काकीनाडा और गोदावरी के लोगों को अगले 24 से 36 घंटों तक सतर्क रहने की सलाह दी गई है। मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने और निचले व तटीय इलाकों के लोगों को आधिकारिक सलाह का पालन करने को कहा गया है।
चक्रवात के प्रभाव से बिहार में भी 20 से 22 नवंबर के बीच कई जिलों में बारिश की संभावना है। पटना स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने 21 नवंबर को भागलपुर और कटिहार में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी दी है। पूर्वी बिहार के कुछ हिस्सों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली और तेज झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं।
वहीं, तमिलनाडु में गुरुवार को चेन्नई सहित ज्यादातर हिस्सों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है। पश्चिमी घाट के पास के जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने 23 नवंबर से राज्य में बारिश बढ़ने का अनुमान जताया है। इस दिन कुड्डालोर, तंजावुर, तिरुवरुर, नागपट्टिनम, पुदुकोट्टई, शिवगंगा, रामनाथपुरम, मदुरै, विरुधुनगर, थेनी, तेनकासी, थूथुकुडी, तिरुनेलवेली और कन्याकुमारी में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
Location : New Delhi
Published : 20 November 2026, 5:30 AM IST