
प्रतीकात्मक छवि (Image Source X)
जम्मू: जम्मू-कश्मीर के डोडा में तैनात केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के एक जवान को सोशल मीडिया पर अपने कंपनी कमांडर को जान से मारने की धमकी देना भारी पड़ गया। विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जवान को नौकरी से बर्खास्त कर दिया है। आरोपी जवान की पहचान असम निवासी प्रोबेशनरी कॉन्स्टेबल पिनाक नाथ के रूप में हुई है। वह सीआरपीएफ की 33वीं बटालियन की अल्फा कंपनी में तैनात था।
अधिकारियों के मुताबिक, पिनाक नाथ ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए अपने कंपनी कमांडर की हत्या करने और इसके बाद खुद भी जान देने की बात कही थी। उसकी इस पोस्ट के सामने आने के बाद सुरक्षा बल के अधिकारियों में हड़कंप मच गया।
बताया गया है कि जवान ने एक अन्य सोशल मीडिया पोस्ट में उस घटना का भी जिक्र किया था, जिसमें एक जवान ने अपने सर्विस हथियार से अपने वरिष्ठ अधिकारी और अन्य साथियों की हत्या कर दी थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए 33वीं बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर ने जांच के आदेश दिए। जांच में सोशल मीडिया पर की गई पोस्ट और जवान के व्यवहार से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की गई।
अधिकारियों के अनुसार, जांच के बाद पिनाक नाथ को केंद्रीय सिविल सेवा (अस्थायी सेवा) नियम, 1965 के प्रावधानों के तहत सेवा से बर्खास्त कर दिया गया। बर्खास्तगी का आदेश शुक्रवार को जारी किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि पिनाक नाथ हाल ही में सीआरपीएफ में शामिल हुआ था और फिलहाल प्रोबेशनरी कॉन्स्टेबल के पद पर कार्यरत था। उसकी तैनाती जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में 33वीं बटालियन की अल्फा कंपनी में थी।
सोशल मीडिया पर वरिष्ठ अधिकारी को धमकी देने के मामले में विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए उसे बल से बाहर कर दिया।
Location : Jammu and Kashmir
Published : 14 November 2026, 2:55 PM IST