देश में एक बार फिर से लॉकडाउन को लेकर चर्चाओं का बाजार गरम हो चुका है। लेकिन अब इस पर केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने बयान जारी कर पूरी तस्वीर साफ कर दी है, उन्होंने स्पष्ट कर दिया है।

लॉकडाऊन को लेकर हरदीप सिंह पुरी ने कही ये बात (फोटो सोर्स- इंटरनेट)
New Delhi: विश्व समुदाय में चल रही उथल-पुथल के बीच भारत में इस बात को लेकर यह चर्चा अपने चरम पर पहुंच चुकी थी कि क्या इस बार भी लॉकडाउन लगेगा? इस चर्चा के बाद लोगों के जेहन में कई तरह के सवाल उठने लगे। लेकिन, अब केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी और मंत्री किरेन रिजिजू ने इन सभी चर्चाओं पर ब्रेक लगा दिया है।
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने सोशल मीडिया एक्स हैंडल पर पोस्ट करते हुए यह साफ कर दिया कि मौजूदा समय में सरकार के पास देश में लॉकडाउन लगाने का कोई प्लान नहीं है। सरकार के पास ऐसा कोई भी प्रस्ताव अभी विचाराधीन नहीं है, जिसमें लॉकडाउन लगाने की योजना हो, लिहाजा किसी को भी घबराने की जरूरत नहीं है।
उन्होंने साफ किया कि केंद्र सरकार की मौजूदा स्थिति पर पूरी नजर है। सरकार हर प्रकार की स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार है, लिहाजा लोगों को बिल्कुल भी घबराने की जरूरत नहीं है। इसके इतर, अगर लॉकडाउन को लेकर लोगों के बीच में किसी भी प्रकार की अफवाहें फैलाने की कोशिश की जा रही है, तो यह पूरी तरह से गैर जिम्मेदाराना व्यवहार है, जिसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता है।
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की भ्रामक जानकारी पर ध्यान नहीं दें, जब तक किसी भी फैसले के संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं आ जाती है। यह जानकारी विशुद्ध रूप से सरकार की तरफ से जारी की जाएगी, तभी उसे विश्वसनीय माना जाएगा।
इसके अलावा, उन्होंने मौजूदा स्थिति का हवाला देते हुए लोगों से समझदारी से काम लेने को कहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में हमारी यह कोशिश होनी चाहिए कि हम समाज में सकारात्मक माहौल बनाए और किसी भी प्रकार की भ्रामक जानकारी को प्रचारित करने से बचे।
उन्होंने अपने सोशल मीडिया एक्स हैंडल पर पोस्ट करके वैश्वक स्तर पर ऊर्जा को लेकर बनी स्थिति पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि वैश्विक स्थिति अभी भी अनिश्चित बनी हुई है, और हम ऊर्जा, सप्लाई चेन और ज़रूरी वस्तुओं से जुड़े हालात पर लगातार नज़र बनाए हुए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि देश में ईंधन, ऊर्जा और अन्य आवश्यक चीज़ों की आपूर्ति बिना किसी रुकावट के जारी रहे। हर संभावित चुनौती से निपटने के लिए हम पूरी तरह तैयार हैं। भारत ने पहले भी वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच अपनी मज़बूती दिखाई है, और आगे भी हम समय पर, सक्रिय और समन्वित तरीके से कदम उठाते रहेंगे।
इसके अलावा, केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने भी साफ कर दिया कि देश में लॉकडाउन नहीं लगेगा। उन्होंने संसद परिसर के बाहर पत्रकारों से बातचीत में कहा कि हालात काबू में हैं। प्रधानमंत्री खुद स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं, लिहाजा किसी को भी घबराने की जरूरत नहीं है।