CJP vs Delhi Police : रातभर पुलिस कहती रही जंतर-मंतर खाली करो, प्रदर्शनकारी कहते रहे- पहले…

NEET पेपर लीक के खिलाफ दिल्ली के जंतर-मंतर पर CJP का प्रदर्शन देर रात तक जारी रहा। दिल्ली पुलिस लगातार धरनास्थल खाली कराने की अपील करती रही, लेकिन प्रदर्शनकारी धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर अड़े रहे। CJP फाउंडर अभिजीत दीपके ने कहा कि गिरफ्तारी या जेल से भी आंदोलन नहीं रुकेगा। जंतर-मंतर से पढ़िए पूरी ग्राउंड रिपोर्ट।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 21 June 2026, 3:04 AM IST

New Delhi : रात गहराती रही, लेकिन जंतर-मंतर पर चल रहा NEET पेपर लीक विरोध प्रदर्शन थमता नजर नहीं आया। दिल्ली पुलिस लगातार धरनास्थल खाली कराने की घोषणा करती रही, लेकिन कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के कार्यकर्ता और समर्थक अपनी मांगों पर अड़े रहे। देर रात तक प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर पर ही मौजूद रहे और कई लोगों ने खुले आसमान के नीचे जमीन पर सोकर रात बिताने की तैयारी कर ली।

प्रदर्शन स्थल पर पुलिस बल की भारी तैनाती रही। लाउडस्पीकर के जरिए बार-बार प्रदर्शन समाप्त करने और स्थल खाली करने की अपील की जाती रही, लेकिन प्रदर्शनकारियों का एक ही जवाब था "पहले शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें।"

अभिजीत दीपके का ऐलान

कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने मंच से कहा कि यह आंदोलन लाखों छात्रों के भविष्य के लिए लड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान अपना इस्तीफा नहीं देते, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। अगर हमें गिरफ्तार करना है तो कर लीजिए। जेल भेजना है तो भेज दीजिए। हम यहां से हटने वाले नहीं हैं। युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को जवाब देना ही होगा।

जंतर-मंतर पर देर रात तक डटे CJP कार्यकर्ता, जमीन पर सोकर गुजार रहे रात; अभिजीत दीपके का बड़ा ऐलान

'Go Pradhan Go' के नारों से गूंजा जंतर-मंतर

देर रात भी प्रदर्शनकारियों का उत्साह कम नहीं हुआ। धरनास्थल पर मौजूद लोगों ने थाली और चम्मच बजाकर विरोध दर्ज कराया। इस दौरान "Go Pradhan Go" और "Justice for Students" जैसे नारे लगातार गूंजते रहे।

प्रदर्शनकारियों ने बताया कि अगर सरकार छात्रों की आवाज नहीं सुनेगी तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। कई छात्र और युवा कार्यकर्ता रातभर धरनास्थल पर ही डटे रहने की बात कहते नजर आए।

पुलिस की अपील, नहीं बनी बात

दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को याद दिलाया कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति केवल शाम 5 बजे तक थी और समय सीमा समाप्त हो चुकी है। पुलिस अधिकारियों ने शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन समाप्त करने की अपील की। प्रदर्शनकारी अपनी मांगों से पीछे हटने को तैयार नहीं दिखे।

Location :  New Delhi

Published :  21 June 2026, 1:59 AM IST