CJP Protest: जंतर-मंतर पर CJP का बड़ा प्रदर्शन आज, छात्रों के मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगने की तैयारी

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर शिक्षा व्यवस्था, नीट पेपर लीक और छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर बड़े विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया है। संगठन ने समर्थकों को शांतिपूर्ण तरीके से शामिल होने की अपील की है और हिंसा से दूर रहने के लिए विशेष दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 6 June 2026, 7:27 AM IST

New Delhi: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने 6 जून को दिल्ली के जंतर-मंतर पर बड़े विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया है। संगठन का कहना है कि यह प्रदर्शन शिक्षा व्यवस्था, नीट पेपर लीक, छात्रों की समस्याओं और हाल के विभिन्न शैक्षणिक मुद्दों को लेकर आयोजित किया जा रहा है। पार्टी पहली बार जंतर-मंतर पर इस स्तर का सार्वजनिक कार्यक्रम करने जा रही है।

CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके के सुबह अमेरिका से दिल्ली पहुंचने की जानकारी दी गई है। संगठन के अनुसार वह राजधानी पहुंचने के बाद पुलिस से आवश्यक अनुमति और औपचारिक प्रक्रियाएं पूरी करेंगे, जिसके बाद प्रदर्शन शुरू किया जाएगा।

सोशल मीडिया पर बड़ी पहुंच, जुट सकती है भीड़

CJP ने दावा किया है कि उसके इंस्टाग्राम प्लेटफॉर्म पर 2 करोड़ से अधिक फॉलोअर्स हैं। ऐसे में इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। संगठन का कहना है कि देश की शिक्षा व्यवस्था से एक करोड़ से अधिक छात्र निराश हैं और उनके भविष्य को लेकर चिंता बढ़ रही है।

पार्टी ने नीट पेपर लीक मामले से जुड़ी कथित गड़बड़ियों का भी जिक्र किया है। इसके अलावा हाल में हुई सीबीएसई परीक्षाओं और OSM से जुड़े मुद्दों पर भी चिंता व्यक्त की गई है।

Cockroach Janta Party Protest: सीजेपी के प्रदर्शन की राह में कई रोड़े, प्लान पर सवाल? अभिजीत दीपके को पुलिस ले सकती हिरासत में

सभी लोगों के लिए खुला रहेगा प्रदर्शन

CJP ने स्पष्ट किया है कि यह आंदोलन किसी एक राजनीतिक विचारधारा तक सीमित नहीं है। संगठन ने कहा है कि प्रदर्शन में किसी भी राजनीतिक दल से जुड़े लोग, छात्र, अभिभावक और युवा शामिल हो सकते हैं।

प्रदर्शन से पहले जारी एक वीडियो में पार्टी प्रवक्ता आशुतोष रांका और वरुण दास ने लोगों से बड़ी संख्या में जंतर-मंतर पहुंचने की अपील की। उन्होंने कहा कि आंदोलन का उद्देश्य लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात सरकार तक पहुंचाना है ताकि छात्रों की समस्याओं को गंभीरता से सुना जा सके।

प्रधानमंत्री से हस्तक्षेप की मांग

पार्टी नेताओं ने कहा कि देश में छात्र विभिन्न समस्याओं से जूझ रहे हैं। उन्होंने पिछले एक महीने के दौरान छह छात्रों द्वारा आत्महत्या किए जाने का जिक्र करते हुए शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाने की मांग उठाई है।

संगठन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी अपील की है कि शिक्षा व्यवस्था में लोगों का भरोसा बहाल करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। CJP का कहना है कि छात्रों और युवाओं की चिंताओं को प्राथमिकता के आधार पर संबोधित किया जाना चाहिए।

सुबह 9 बजे से शुरू होने की योजना

संगठन के अनुसार प्रदर्शन 6 जून को सुबह 9 बजे दिल्ली के पार्लियामेंट स्ट्रीट क्षेत्र स्थित जंतर-मंतर पर शुरू किया जाना है। प्रतिभागियों को पहले पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन के पास एकत्र होने की सलाह दी गई है।

CJP का कहना है कि सभी कानूनी प्रक्रियाओं और प्रशासनिक नियमों का पालन करते हुए शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराया जाएगा।

Delhi Airport से अचानक क्यों हट गया बड़ा प्लान? Cockroach Janta Party (CJP) के फैसले ने मचाया सस्पेंस

दिल्ली पुलिस ने क्या कहा?

दिल्ली पुलिस ने बताया है कि प्रदर्शन के लिए अब तक CJP की ओर से कोई औपचारिक अनुमति आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार उन्हें इस कार्यक्रम की जानकारी मुख्य रूप से सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से मिली है।

हालांकि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए केंद्रीय दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।

प्रदर्शनकारियों के लिए जारी किए गए दिशा-निर्देश

CJP ने अपने समर्थकों के लिए विशेष गाइडलाइंस जारी की हैं। संगठन ने लोगों से राष्ट्रीय ध्वज और एक पुस्तक साथ लाने की अपील की है। साथ ही सभी गतिविधियों को रिकॉर्ड करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत दिल्ली पुलिस को देने को कहा गया है।

पार्टी ने स्पष्ट रूप से कहा है कि किसी भी तरह की हिंसा या विवाद में शामिल न हों। यदि कोई शरारती तत्व माहौल बिगाड़ने की कोशिश करे तो उसका वीडियो बनाकर पुलिस को सूचित करें। गर्मी को देखते हुए लोगों को पर्याप्त पानी पीने, सनस्क्रीन लगाने, टोपी पहनने और भूखे पेट प्रदर्शन में न आने की सलाह भी दी गई है। संगठन ने कहा है कि आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से आयोजित किया जाएगा।

Location :  New Delhi

Published :  6 June 2026, 7:27 AM IST